- गर्मी से जूझे लोग, 11 केवी की लाइन में खराबी आने से बढ़ी दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। बिजली लाइनों में लगातार खराबी के कारण लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। रविवार रात करीब 11 बजकर 20 मिनट पर हांसी रोड स्थित लवकुश कॉलोनी की बिजली गुल हो गई। 11 केवी की लाइन में खराबी आने के कारण रातभर लोगों को गर्मी झेलनी पड़ी। लोगों की शिकायत करने पर भी रात को बिजली की समस्या का समाधान नहीं हो पाया।
कॉलोनी वासी राममेहर, विष्णु, विश्वास, सतीश राणा, मुकेश व जयमल सिंह का कहना है कि रविवार रात जब वह सो रहे थे तो अचानक से उनके घर के पास बिजली की 11 केवी के तारों में जोरदार धमाका हुआ। इस कारण से लवकुश कॉलोनी की लाइट चली गई। इस कारण लोगों को गर्मी के मौसम में बिना एसी व कूलर के रात गुजारनी पड़ी। लोगों का कहना है कि जब बिजली निगम के 9354761643 नंबर पर संपर्क किया तो शुरुआत में कोई जवाब नहीं मिला। करीब दो घंटे के बाद बिजली ठीक करवाने का आश्वासन देकर कर्मचारी वहां से निकल गया मगर बिजली आपूर्ति सुबह साढ़े पांच बजे हो पाई।
अतिरिक्त लोड के कारण आ रही दिक्कत
इस बार ज्यादा गर्मी पड़ने से घरेलू उपकरणों का इस्तेमाल ज्यादा हो रहा है। जिससे लाइनों पर अतिरिक्त लोड बढ़ रहा है। लोड बढ़ने के कारण तार पिघल कर एक-दूसरे से चिपक जाते हैं। इस कारण लाइनों में खराबी आने के मामले आ रहे हैं, जैसे ही उन्हें इस प्रकार की घटना का पता चलता है तो वह मौके पर लाइनमैन को भेजकर व्यवस्था सुचारु करवाते हैं।
- कुलदीप, उपमंडल अभियंता, शहरी