शहर की मुख्य सड़क पर लाइटें बंद, अंधेरे में गुजरते हैं वाहन चालक
- फोटो : शहर की मुख्य सड़क पर लाइटें बंद, अंधेरे में गुजरते हैं वाहन चालक
- पुराना बस स्टैंड से आंबेडकर चौक तक कई जगहों पर छाया रहता है अंधेरा
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शहर के सबसे अहम और व्यस्त मार्गों में से एक, पुराना बस स्टैंड से आंबेडकर चौक तक की सड़क पर स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद हैं। स्थिति यह है कि कुछ जगहों पर लाइटें सिर्फ एक ओर जल रही हैं, जबकि दूसरी ओर पूरी तरह अंधेरा पसरा रहता है। यह मार्ग सिर्फ आम राहगीरों के लिए ही नहीं, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी रास्ते पर महिला थाना, शहर थाना और सदर थाना स्थित हैं। बावजूद इसके यहां की लाइटें दुरुस्त नहीं होना चिंता का विषय है।
यह सड़क एक ओर एनडीआरआई और बाहर की कॉलोनियों की ओर जाती है, जबकि दूसरी तरफ पुराने शहर से भी जुड़ती है। इस पूरे क्षेत्र से प्रतिदिन हजारों लोग, वाहन और महिलाएं रात के समय भी गुजरती हैं, लेकिन अंधेरे के कारण उन्हें डर और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है।
नहीं निकला समाधान
स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों का कहना है कि कई बार नगर निगम को शिकायत दी गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। स्मार्ट सिटी के दावों के बीच शहर की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाएं लापरवाह व्यवस्था की भेंट चढ़ती नजर आ रही हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सभी बंद पड़ी लाइटों को तुरंत ठीक करवाया जाए ताकि नागरिकों को रात के समय सुरक्षित माहौल मिल सके और पुलिस थानों के आसपास कम से कम अंधेरा न रहे।