संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल/तरावड़ी। नशा एक बार फिर आत्मघाती साबित हुआ। तखाना गांव में एक युवक जिंदा जल गया। उसका जला हुआ शव उसके कमरे में बिस्तर पर मिला है। आग कैसे लगी, इसका खुलासा जांच के बाद होगा। परिजनों की माने तो प्रथमदृष्टया इसके पीछे युवक के नशे की आदत ही है।
तरावड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाया गया। साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि मृतक बीड़ी व शराब का सेवन करता था, शायद रात को बीड़ी सुलगाते हुए रजाई में आग लगी होगी और वह भी उसके साथ ही जल गया होगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
गांव तखाना निवासी रोशन 32 वर्षीय दिहाड़ी मजदूरी का करता था। करीब आठ साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। उसकी पत्नी मायके रह रही है। वह अपने माता-पिता के साथ रहता था। उसके बड़े भाई की कई साल पहले मौत हो गई थी। उसकी उसकी चार बेटियां है। बच्चों को पालन पोषण वही करता था।
वह शुक्रवार की रात को रोशन घर लौटा और अपने कमरे में जाकर सो गया। सुबह परिजनों ने देखा कि रोशन के कमरे में बेड और रजाई जली हुई है और रोशन का शव भी बेड पर ही पड़ा है। परिजनों का कहना है कि हैरत की बात ये है कि रात को उसके चीखने चिल्लाने की कोई आवाज उन्होंने नहीं सुनी। रात को बारिश हो रही थी, बिजली भी कड़क रही थी, हो सकता है कि इस कारण उसकी आवाज सुनाई न दी हो।
तखाना गांव में कमरे में ही युवक जला शव मिला है। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया था। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। जांच की जा रही है। - नसीब सिंह, थाना प्रभारी तरावड़ी।