संवाद न्यूज एजेंसी
निसिंग। दिवाली केवल रोशनी का पर्व ही नहीं, बल्कि भारतीय परंपरा, संस्कृति और आत्मनिर्भरता का प्रतीक भी है। त्रेता युग से लेकर आज के कलयुग तक मिट्टी के दीपक अंधकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक रहे हैं। सरसों के तेल या देशी घी से जलाए जाने वाले ये दीपक न केवल आध्यात्मिक शुद्धता का भाव जगाते हैं, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टि से वातावरण को शुद्ध करने में अहम भूमिका निभाते हैं। दिवाली पर्व जहां प्रकाश और खुशहाली का प्रतीक है, वहीं कुम्हार समाज के लिए आजीविका का सबसे बड़ा अवसर भी है। अमावस्या की अंधेरी रात को दीपों से जगमगाया जाएगा, तब हर एक दीपक किसी कुम्हार के घर की आशा, परिश्रम और उम्मीद का प्रतीक होगा।
कभी हर घर की आवश्यकता रहे मिट्टी के दीपक अब आधुनिक युग में मोमबत्तियों और इलेक्ट्रॉनिक लड़ियों से प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। बावजूद इसके, कुम्हार समाज ने हार नहीं मानी। उन्होंने डिजाइनर दीपक बनाना शुरू कर दिया, जिससे कुम्हार बस्तियों में फिर से रौनक लौट आई है। कुम्हार परिवारों के चाक फिर से घूमने लगे हैं और मिट्टी की खुशबू पूरे माहौल को भक्ति और परंपरा से सराबोर कर रही है।
मिट्टी से लेकर पकाने तक का लंबा सफर
जडौली गांव के प्रजापति परिवार के बिट्टू, रिपलू, दिलप्रीत, संगीता और सरिता बताते हैं कि दीपक बनाने का काम आसान नहीं होता। चिकनी मिट्टी दूर-दराज से मंगवानी पड़ती है। फिर उसे बारिक करके छानना, उसमें रेतिली मिट्टी मिलाकर पानी डालकर भिगोना और इसके बाद चाक पर मिट्टी का एक भाग रखकर उसे दीपक, कुजियां, सरामी, मटकी, कुलहियां और अन्य बर्तनों का आकार दिया जाता है। फिर इन्हें आवे (भट्ठी) में पकाया जाता है।
कुम्हार परिवारों में रौनक
मिट्टी के दीपक, कुजियां, सरामी, मटकी, कुलहियां सहित अन्य बर्तन बनाने के लिए प्रजापति परिवार के सभी सदस्य माता-पिता, जीवनसंगिनी और बच्चे मिलकर मेहनत कर रहे हैं। दिलप्रीत का बेटा मन्नी और परिवार की महिलाएं भी बराबर का सहयोग दे रही हैं। सभी को उम्मीद है कि इस बार दिवाली फिर से उनके जीवन में अच्छे दिन लेकर आएगी।
त्योहार नजदीक आते ही बढ़ जाते हैं दीपक के दाम
कुम्हार परिवार बताते हैं कि दिवाली से कुछ हफ्ते पहले तक दीपक की कीमत कम होती हैं लेकिन त्योहार आते ही मांग बढ़ने लगती है और दाम भी बढ़ जाते हैं।दिवाली से पहले 100 रुपये में 150 तक दीपक बेचे जाते हैं लेकिन त्योहार के दिन एक दीपक एक रुपये तक में बिक जाता है।
स्वदेशी दीपकों से बढ़ा आत्मनिर्भर भारत का संदेश
दिलप्रीत कहते हैं कि कुछ साल पहले तक बाजार में विदेशी और प्लास्टिक उत्पादों का बोलबाला था लेकिन अब लोग स्वदेशी निर्मित उत्पादों की ओर लौट रहे हैं। उनका कहना है कि स्वदेशी दीपकों की बढ़ती मांग से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और परंपरागत कलाओं को नया जीवन मिलेगा।