संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। लॉरेंस बिश्नोई गैंग सदस्य बताकर एक व्यक्ति ने अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से शहर के एक चावल व्यापारी से एक करोड़ की रंगदारी मांगी है। रंगदारी न देने पर उसे व उसके परिवार के सदस्यों को सात दिनों में जान से मारने की धमकी भी दी है। व्यापारी ने की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-13 निवासी अमरीक सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह चावल का काम करता है। उसके पाद 11 मई की सुबह लगभग साढ़े 10 बजे अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबर से एक व्हाट्सएप कॉल आई और कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम भानु राणा और लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया। आरोपी ने उससे एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांग की है।
ऐसा न करने पर वह सात दिनों के भीतर उसे और उसके परिवार के सदस्यों को गोली मार देगा। इसके बाद 18 मई को सुबह करीब साढ़े 10 बजे उसके मोबाइल नंबर पर एक अन्य नंबर से अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सएप कॉल प्राप्त हुई और उस समय वह अपने कार्यालय में मौजूद नहीं था तो उसका फोन एक कर्मचारी ने उठा लिया।
कॉल करने वाले व्यक्ति ने फिर से एक करोड़ रुपये की रंगदारी की माग की और जब स्टाफ ने बताया कि अमरीक सिंह घर पर मौजूद नहीं है तो उसने कहा कि उसे बता देना कि भानू राणा का फोन आया था। अमरीक सिंह को एक करोड़ रुपये देने होंगे और नहीं तो उसका समय पूरा हो गया है। आरोपी ने धमकी दी है कि वह अमरीक सिंह और उसके परिवार के सदस्यों या कार्यालय में मौजूद किसी भी व्यक्ति को किसी भी समय गोली मार देगा।
चावल व्यापारी की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस व्हाट्सएप कॉल करने की पहचान में जुटी है। - विष्णु मित्र, थाना प्रभारी सिविल लाइन, करनाल।