स्वास्थ्य विभाग की टीम को वीरवार को सिटी थाने के तीन कूलरों में डेंगू
का लारवा मिला है। इन कूलरों की सफाई नहीं हुई थी। सिटी थाने के प्रभारी
मोहनलाल सहित सात पुलिस कर्मचारी डेंगू की गिरफ्त में हैं। डेंगू लारवा
मिलने से जाहिर हो गया है कि पुलिस स्टाफ इससे जागरूक नहीं है।
यदि कूलरों
की सफाई हर सप्ताह होती रहती तो डेंगू लारवा न बनता। इसके अलावा जिले से
134 जगह पर डेंगू लारवा मिल चुका है। निजी अस्पताल से लेकर सरकारी अस्पताल
में बुखार से पीड़ित लोगों की संख्या बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग के
रिकॉर्ड में अब तक नौ लोगों को डेंगू की पुष्टि है, जबकि निजी अस्पताल में
दाखिल मरीज भी डेंगू की पुष्टि कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम के शहर
के राजीवपुरम, बसंत विहार के 550 घरों में लगे कूलरों को चेक करने पर 35
में डेंगू लारवा मिला है।
स्वास्थ्य विभाग से जिला मलेरिया अधिकारी डा.
सरोज बाला ने बताया कि रामनगर पुलिस चौकी में दो कूलरों में लारवा, सिटी
थाना में तीन कूलरों में लारवा, सिविल लाइन थाना में एक कूलर में डेंगू
लारवा मिल चुका है। उन्होंने बताया कि तीन से 18 सितंबर तक पखवाड़ा चल रहा
है। इसमें चार टीमें लगी हैं और हर टीम में 11-11 कर्मचारी हैं। सिटी थाने
के एसएचओ मोहन लाल समेत सात पुलिस कर्मचारी डेंगू की चपेट में हैं।
जिला
मलेरिया अधिकारी सरोज बाला ने बताया कि उनके रिकॉर्ड में अब तक प्रीतम नगर
वासी पुलिस कर्मचारी राजबीर, जुंडला गेट वासी संतोष, नवल, साक्षी, कर्ण
विहार वासी प्रवेश, शिव कॉलोनी वासी नरेंद्र, ज्योतिनगर वासी रीना, बसंत
विहार वासी कर्ण सिंह, सेक्टर-9 वासी महेंद्र पाल को डेंगू की पुष्टि हुई
है। प्राइवेट अस्पताल में दाखिल मरीजों के कार्ड पर डेंगू की पुष्टि है,
लेकिन उनका रिकॉर्ड अभी तक हमारे पास नहीं आया है।
नोटिस थमाए, नहीं तो 200 रुपये का होगा चालान
स्वास्थ्य
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिस जगह पर लारवा मिल रहा है, वहां के
लोगों को चेतावनी दे रहे हैं। लोगों को नोटिस थमाए जा रहे हैं कि दोबारा से
डेंगू का लारवा मिला तो 200 रुपये का चालान किया जाएगा। रूटीन में कूलर व
भरे पानी की सफाई होती रहे तो लारवा नहीं बन सकता। पानी जमा रहने से लारवा
बनकर वह डेंगू मच्छर बन जाता है।
थाने का काम हो रहा प्रभावित
सिटी
थाना के एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि हमारे थाने के प्रभारी समेत सात
पुलिस वालों को डेंगू हो गया है, जो अलग अलग अस्पताल में दाखिल हैं। थाने
में स्टाफ की कमी से काम प्रभावित हो रहा है। इससे परेशानी आ रही है। दूसरी
तरफ निजी अस्पताल के डॉक्टर राजीव गुप्ता ने बताया कि काफी मरीज सामने आ
रहे हैं। इसमें आम लोग काफी संख्या में है, वही पुलिस वालों को भी डेंगू
हुआ है। डेंगू से घबराए नहीं, समझदारी से काम लें।