अमेरिका भेजने के नाम पर 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को जापानी कंपनी का कर्मचारी बनाकर विदेश भेजने का आश्वासन दिया। कंपनी कर्मचारी बनाने के लिए युवक को चेन्नई भी बुलाया। पीछे से उसके पिता को दिल्ली में बुलाकर विदेश में रहने, खाने और टिकट आदि के इंतजाम के नाम पर रकम ले ली। पीड़ित ने अपने घर पर ऋण लेते हुए आरोपियों को रुपये दिए। शिकायत के आधार पर थाना शहर पुलिस ने यमुनानगर के भाई-बहन और उनके बरेली निवासी रिश्ते के दो चाचा पर केस दर्ज कर लिया है।
एसपी को दी शिकायत में ऋषि नगर निवासी श्याम सुंदर ने बताया कि उनकी मुलाकात यमुनानगर निवासी सोहार्द शिवम और उसकी बहन वईदेसी सैनी से हुई। आरोपियों ने बताया कि उनके चाचा साहीर खान ताजवर एजेंट का काम भी करते हैं, कई युवाओं को अमेरिका में कंपनी के माध्यम से भेज चुके हैं। बोब कैट व डूसन के नाम से उनकी जापान की कंपनी है। कंपनी में चाचा मालिक के सलाहार एवं ट्रांसलेटर हैं। ऐसे में वे कंपनी के कर्मचारी के तौर पर युवाओं को अमेरिका भेजते हैं।
उन्होंने उन्हें आश्वासन दिया गया कि उनके बेटे के साथ उनका भाई भी विदेश जाएगा। उन्होंने बताया कि सोहार्द शिवम की बहन नोएडा की एक कंपनी में मैनेजर है। उन्होंने बताया कि चाचा के साथी बरेली निवासी आजीम ताजवर भी उनके चाचा के साथ कंपनी के चेन्नई कार्यालय में कैशियर हैं। इसके बाद आरोपियों ने उनकी बात अपने चाचा साहीर खान ताजवर से कराई। उन्होंने बताया कि अमेरिका की कंपनी के साथ उनकी कंपनी का टाइअप है। ऐसे में वे उनके बेटे का नाम अपनी कंपनी के चेन्नई कार्यालय में कर्मचारी दिखाते हुए अमेरिका भेजेंगे। इसके लिए 15 लाख रुपये एडवांस में लिए। उन्होंने बताया कि यह राशि मकान पर लोन लेकर दी थी।
इसके बाद आरोपियों ने कहा कि उनके बेटे को दिसंबर 2024 में विदेश भेजेंगे। लेकिन अभी तक काम नहीं हुआ। इसके बाद जब उन्होंने सोहार्द शिवम व उसकी बहन से कहा कि उनका काम नहीं हुआ और रकम वापस देने की मांग की तो आरोपियों ने कहा कि कंपनी का कोई इश्यू हो गया था, इसलिए काम नहीं हो सका। मार्च 2025 में उनके बेटे को विदेश भेजने का आश्वासन दिया।
बैंक खाता खुलवाने के नाम पर युवक को लेगए चेन्नई
आरोपी सोहार्द शिवम दो फरवरी को उनके बेटे अनमोल को फिंगरप्रिंट और बैंक खाता खुलवाने के नाम पर चेन्नई ले गया। इसके बाद आरोपियों ने कॉल करके उन्हें दिल्ली बुलाया और 10 लाख रुपये की मांग की। चार फरवरी को वे अपने दोस्त कृष्ण कुमार के साथ दिल्ली जहांगीरीपूरी मेट्रो स्टेशन पर साहीर खान ताजवर और आजमी ताजवर से मिले। दोनों ने उनकी बात सोहार्द शिवम व उसकी बहन से कराई और 10 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपियों ने बताया कि इस रकम में से पांच हजार डॉलर लेकर उनका बेटा अमेरिका जाएगा। जाने का टिकट, होटल बुकिंग और खाने का खर्च भी किया जाएगा।
इसके अलावा दो हजार डॉलर अमेरिका में उनके एजेंट को देने होंगे। इसके बाद छह मार्च को उनके बेटे अनमोल ने कॉल करके उन्हें कहा कि हमारे साथ धोखा हो रहा है, न तो उन्हें कंपनी में ले जाया गया है और न ही साहीर खान ताजवर एजेंट व उसका भाई आजीम ताजवर चेन्नई आए हैं। करीब 10 दिन चेन्नई रुकने के बाद उनका बेटा घर लौट आया। इसके बाद से आरोपियों के मोबाइल फोन भी बंद हैं। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।