संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। क्रेडिट कार्ड पर हेल्थ पॉलिसी बंद करने के बहाने साइबर ठगों ने एक व्यक्ति को 4.41 लाख रुपये की चपत लगा दी। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत में आनंद विहार निवासी नवनीत सैनी ने बताया कि उसके पास 23 अक्तूबर को फोन आया और कहा कि एसबीआई के क्रेडिट कार्ड पर एक हेल्थ पॉलिसी एक्टिव है। जिसकी अमाउंट पांच हजार रुपये है। यदि आप इसे डीएक्टिव नहीं कराते तो आपके हर महीने पांच हजार रुपये कटेंगे।
इसके बाद उसने एसबीआई क्रेडिट कार्ड का एप खोला और उसमें पांच हजार रुपये दिख रहे थे। इसके बाद उसके पास वीडियो कॉल आई। जिसमें एसबीआई क्रेडिट कार्ड डिपार्टमेंट लिखा था। उसने दोबारा वह एप खोला तो उसके खाते से 1.99 लाख रुपये कट गए। जब उसने यह रकम वापस मांगी तो कहा कि एप अपडेट हो रहा है। इस दौरान उसके दूसरे क्रेडिट कार्ड से 63 हजार रुपये कट गए। एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड से 10 हजार रुपये और बैंक खाते से एक लाख 69 हजार 548 रुपये निकल गए। आरोपियों ने उसके कुल चार लाख 41 हजार 548 रुपये निकाल लिए।