संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत सरकार ने महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। जिले में बड़ी संख्या में महिलाओं के आवेदन स्वीकृत भी हो चुके हैं। इसमें महिलाओं के खातों में पहली किस्त भी पहुंचने लगी है लेकिन कुछ महिलाएं पहली किस्त जारी न होने से परेशान हैं। योजना का लाभ पाने के लिए महिलाएं कभी विभाग के दफ्तरों के चक्कर काट रही हैं तो कभी बैंक में जाकर जानकारी ले रही हैं।
- आवेदन की स्वीकृति के बाद भी नहीं आई पहली किस्त
वार्ड-13 की रीना देवी ने बताया कि उनका आवेदन एक महीने पहले ही स्वीकृत हो गया था। विभाग की ओर से मैसेज भी आया था कि पहली किस्त जल्द खाते में डाल दी जाएगी लेकिन पैसे नहीं आए। दो बार विभाग के कार्यालय भी गई और बैंक में भी पूछा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा। हर जगह यही बोल देते हैं कि अगले हफ्ते पैसे आ जाएंगे।
- योजना का लाभ लेने के लिए करनी पड़ रही भाग दौड़
उग्राखेड़ी की सुनीता ने बताया कि योजना के लिए दिया गया आवेदन भी स्वीकृत हो चुका है लेकिन खाते में किस्त नहीं आई। बैंक जाकर पूछा तो बैंक वाले कहते हैं कि विभाग से राशि नहीं भेजी गई है। विभाग में गई तो बोले प्रक्रिया चल रही है। योजना का लाभ लेने के लिए इतनी भाग दौड़ करनी पड़ रही है।
वर्जन :
जिन महिलाओं के आवेदन स्वीकृत हो चुके हैं, उनकी कागजी जानकारी मिलान की जा रही है। डेटा वेरिफिकेशन पूरा होते ही पहली किस्त जारी कर दी जाती है और आवेदन मंजूर महिलाओं के खातों में राशि भेजने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। इस प्रक्रिया में कुछ समय लग रहा है लेकिन सभी लाभार्थियों को राशि जरूर मिलेगी।
-डॉ. सोमपाल, जिला प्रबंधक, क्रीड।