इंद्री में गांव धूमसी में मनरेगा की दो माह से मजदूरी नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। इस मामले की शिकायत कई बार सरपंच सहित पंचायत अधिकारियों से की गई है, लेकिन लोग मजदूरी के लिए धक्के खा रहे हैं।
मंगलवार को इस मामले को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। इन लोगोें ने गांव में एकत्रित होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
मजदूर सावित्री, ओमी, ईश्वर, दर्शनी, आशा, कैलाशो, जानकी, संतलाल, अमरजीत, पवन, सतपाल, बबली, रविंद्र, संजू, सुखविंद्र, निशा, बीर सिंह गगन और रानी सहित काफी संख्या में ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में 100-100 गज के प्लाटाें के रास्तों पर मनरेगा स्कीम के तहत मिट्टी डालने का कार्य किया जा रहा है, लेकिन करीब दो माह से पैसा नहीं दिया गया है।
पैसे नहीं मिलने से गरीब लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार सरपंच और अधिकारियों के चक्कर काटने के बावजूद उनकी कोई भी सुनवाई नहीं हो पा रही थी। पैसे नहीं मिलने से विवश होकर वह प्रदर्शन कर रहे हैं।
लोगों ने बताया कि उनके गांव में पिछले पांच वर्षाें से मनरेगा स्कीम के तहत कोई कार्य नहीं किया गया। सिर्फ दो महीने से ही उन्हें काम मिला था और इसके भी पैसे उन्हें नहीं मिलेे। इस मामले पर मनरेगा अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि मजदूरी का बिल बनाकर हेड आफिस भेजा गया है। जल्द ही पैसा मंगवाकर लोगों के खाते में भेज दिया जाएगा।