संवाद न्यूज एजेंसी
असंध (करनाल)। थाने की हवालात में बंद एक मजदूर फंदे से लटका मिला। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस की पिटाई से उसकी मौत हुई है। इस मामले में परिजनों ने सोमवार को असंध थाने का घेराव किया और थाने के मेन गेट पर बैठकर करीब एक घंटे तक आवागमन बंद रखा। इसके बाद थाने के अंदर धरना शुरू कर दिया। रमेश दरवाजे के कुंडे के सहारे अपनी ही पैंट के फंदे पर लटका मिला।
इस मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने जांच अधिकारी एएसआई को निलंबित कर दिया है। मामले की मजिस्ट्रेटी जांच कराने के आदेश दिए हैं।
दोपहर को लोग असंध नागरिक अस्पताल में एकत्रित हुए और शव का पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया। उसके बाद पुलिस प्रशासन से एएसपी गौरव राज पुरोहित सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने 11 सदस्यीय कमेटी के साथ बैठक की। पुलिस ने कमेटी की सभी मांगें मानने का आश्वासन देने के बाद शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों की बोर्ड कमेटी द्वारा करवा शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के पिता सुखा राम व उसके भाई सोनू ने बताया कि रमेश कुमार कई दिनों से रामबीर मिस्त्री के साथ उनके ही वार्ड नंबर दो में मकान निर्माण में मजदूरी कर रहा था। रमेश ने दूसरी मंजिल का काम पूरा करवा दिया था। पहली मंजिल का जब काम शुरू हुआ तो उसने दूसरा मजदूर रख लिया। इस बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। रमेश ने मिस्त्री को कस्सी मारकर घायल कर दिया। उसके बाद मिस्त्री रामबीर ने उसकी शिकायत 10 सितंबर को असंध थाने में दी। उसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया। अगले दिन पुलिस उसे गिरफ्तार कर असंध थाने ले आई। पूछताछ करके रात को हवालात में बंद कर दिया। सुबह रमेश हवालात के दरवाजे के कुंडे के सहारे अपनी ही पैंट के फंदे पर लटका मिला। मृतक विवाहित था। उसकी आठ और तीन साल की बेटी, पांच साल का बेटा है।
10 सितंबर को मिस्त्री रामबीर से मारपीट के मामले में रमेश कुमार के खिलाफ शिकायत दी गई थी। पुलिस ने रमेश को अगले दिन गिरफ्तार कर लिया। रात को उसे हवालात में बंद कर दिया। सुबह वह अपनी ही पैंट के फंदे से लटका मिला। बाद में मृतक के पिता को बुलाया गया। उसके बाद उसके शव को अस्पताल ले जाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- बलजीत सिंह, थाना प्रभारी असंध
मृतक रमेश के केस के मामले में लापरवाही को देखते हुए जांच अधिकारी एएसआई रणधीर सिंह को सस्पेंड कर दिया है। वहीं, कस्टडी में मौत में मजिस्ट्रेटी जांच का नियम है, इसलिए सिविल जज असंध वंदना ढिल्लो द्वारा जांच की जाएगी। रमेश के शव का डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गंगाराम पूनिया, पुलिस अधीक्षक, करनाल
Laborer found hanging in the lock-up of Assandh police station