करनाल। वन विभाग मजदूर यूनियन एक अप्रैल को चार लेबर कोड लागू करने के विरोध में उपायुक्त कार्यालय पर काला दिवस मनाते हुए प्रदर्शन करेगी। इसके लिए कर्ण पार्क में रविवार को यूनियन की बैठक आयोजित हुई जिसमें तैयारी को लेकर चर्चा की गई। यूनियन प्रधान सुरेश कुमार ने कहा कि वन विभाग बहुत ही गरीब वन मजदूरों को कई-कई महीनों तक मानदेय नहीं देता। यूनियन ने वन विभाग के अधिकारियों से ईपीएफ व ईएसआई का लाभ देने व अन्य मांगों को पूरा करने की अपील की। सीटू जिला प्रधान बिजनेश राणा, जिला सचिव सुरेश पाल, रोशनलाल, मान सिंह, सतीश, सुरेश करनाल व अन्य मौजूद रहे।