ट्यूशन के लिए घर से निकले स्टेशन एरिया निवासी बारहवीं कक्षा के छात्र कमल मिड्डा का अपहरण कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं ने बीस लाख की फिरौती मांगी है। फिरौती न देने पर अपहृत छात्र के दो टुकड़े कर एक टुकड़ा अगले दिन और दूसरा टुकड़ा पंद्रह दिन के बाद भेजने की धमकी भी दी है। पुलिस ने चार टीमों का गठन कर मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात अपहरणकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उधर, घटना के बाद परिजनों में खौफ का माहौल बना हुआ है और उन्हें बच्चे की चिंता सता रही है।
17 वर्षीय कमल मिड्डा डीएवी पब्लिक स्कूल में बारहवीं कक्षा का छात्र है। गुरुवार दोपहर को स्कूल की छुट्टी होने पर वह तीन बजे बाइक से ट्यूशन के लिए घर से निकला। किसान बस्ती में अपने चाचा राजीव के पास पहुंचा और वहां बाइक खड़ी करने के बाद चाचा से कार लेकर ट्यूशन को चला गया।
ट्यूशन के बाद जियो सिम लेने निकला था
बताया जा रहा है कि ट्यूशन के बाद नीलोखेड़ी में ही ट्यूशन टीचर से उसने बोला कि वह करनाल में जियो सिम लेने जा रहा है। आपको भी सिम चाहिए तो वह ला देगा। ट्यूशन टीचर की फोटो और आईडी लेने के बाद वह कार से करनाल चला गया। शाम पांच बजे कमल करनाल काछवा रोड पर अपने एक दोस्त की दुकान पर पहुंचा और वहां दूध पीने के बाद कार में बैठ कर चला गया। कमल के दोस्त कशिश वर्मा ने पुलिस को बताया कि कमल कार में पिछली सीट पर बैठा था और डाइविंग सीट पर एक लंबा और पतला, बड़े बालों तथा कान में बालियां डाले हुए पतला सा युवक मुंह को रूमाल ढांपे बैठा था। रात को करीब दस बजे कमल की कार पुलिस चौकी के समीप लावारिस हालत में खड़ी मिली। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। इसके बाद से कमल के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है।
कमल हमारे कब्जे में है
काफी इंतजार करने के बाद भी जब कमल घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। उसका मोबाइल भी स्वीच ऑफ आ रहा था। रात आठ बजकर 44 मिनट पर कमल के पिता सुनील मिड्डा ने कमल को फोन मिलाया तो फोन मिल गया। उसके फोन से कोई अन्य युवक बोला कि कमल हमारे कब्जे में है, यदि उसकी सलामती चाहते हो तो बीस लाख रुपये देने होंगे। अपहरणकर्ता ने धमकी देते हुए कहा कि रुपये न देने की सूरत में कमल के दो टुकडे़ कर दिए जाएंगे। एक टुकड़ा कल भेज देंगे और एक टुकड़ा 15 दिन बाद भेजेंगे। कमल के पिता ने इसके बाद दोबारा मोबाइल मिलाने की कोशिश की, लेकिन फोन स्वीच ऑफ मिला। फिरौती की मांग करने पर कमल के पिता सुनील ने रात को इसकी शिकायत पुलिस को दी। सूचना मिलने पर सीआईए की टीम पुलिस चौकी पहुंच कर जांच में जुट गई।
वर्जन
अज्ञात अपहरणकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और चार टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही मामला ट्रेस कर लिया जाएगा। पुलिस छात्र की तलाश के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
- हरविंद्र सिंह, प्रभारी थाना बुटाना।