करनाल। शिक्षा विभाग की ओर से मंडल स्तरीय विधिक साक्षरता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें करनाल के अलावा पानीपत और कैथल जिले की विजेता टीमों ने भी हिस्सा लिया। विभिन्न विधाओं में शानदार प्रस्तुति देते हुए प्रतिभागियों ने समां बांधा और विद्यार्थियों को कानून व अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
राजकीय कन्या मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेलवे रोड में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कुल 10 विधाओं में से पांच में पानीपत की टीमों ने बाजी मारी। जबकि मेजबान करनाल केवल तीन और कैथल दो में ही प्रथम पुरस्कार जीत पाया। करनाल की टीम ने भाषण, प्रश्नोत्तरी और कविता पाठ में ही पहला पुरस्कार अपने नाम किया। सभी 10 विधाओं में सामाजिक कुरीतियों पर चोट की गई।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी जसबीर कौर एवं जिला शिक्षा अधिकारी राजपाल चौधरी ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुदेश ठुकराल पहुंचीं। उन्होंने कहा कि मंडल स्तरीय कार्यक्रम तक पहुंचना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है जो बच्चे जीतकर जाएंगे वे आने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे और जो विद्यार्थी किसी वजह से नहीं जीत पाए वे सीख लेकर जाएंगे कि क्या कमियां रहीं और अगले वर्ष उन कमियों को दूर कर प्रतिभागी बनेंगे।
ये रहे परिणाम
- पेंटिंग : पानीपत की सोनी प्रथम, कैथल के उपांशु द्वितीय, पानीपत के आर्यन तृतीय।
- नारा लेखन : पानीपत की अनुराधा प्रथम, करनाल की शिवानी द्वितीय, पानीपत के जतिन तृतीय।
- डॉक्यूमेंट्री : पानीपत के गुरदयाल प्रथम, कैथल की भावना द्वितीय, कैथल की शिवानी तृतीय।
- वाद-विवाद : पानीपत प्रथम, कैथल द्वितीय, करनाल तृतीय।
- लघु नाटिका : पानीपत प्रथम, पानीपत द्वितीय, करनाल तृतीय।
- भाषण : करनाल की जान्वी रानी प्रथम, पानीपत की मुस्कान द्वितीय, पानीपत की कनिका तृतीय।
- प्रश्नोत्तरी : करनाल की टीम प्रथम, कैथल द्वितीय, पानीपत तृतीय।
- कविता : करनाल के अखिलेश प्रथम, कैथल की संजना द्वितीय, कैथल की महक तृतीय।
- पीपीटी : कैथल की रिना प्रथम, पानीपत के आर्यन द्वितीय, करनाल के लक्ष्य तृतीय।
- निबंध लेखन : कैथल की श्रेया प्रथम, पानीपत की नैंसी द्वितीय, करनाल की प्राची तृतीय।