कर्ण नगरी को सीएम सिटी बनने के बाद विकास के पंख लगने शुरू हो गए हैं।
बेशक प्रदेश में खट्टर सरकार को अभी करीब आठ महीने का ही समय हुआ है,
लेकिन करनाल में विकास की बयार बहने लगी है।
बुधवार को कर्णनगरी को एनसीआर
में शामिल करने से पहले एक अन्य बड़ी सौगात भी मिल चुकी है। यह सौगात है
आदर्श स्टेशन की। जी हां करनाल को सरकार ने आदर्श रेलवे स्टेशन की श्रेणी
में शामिल कर लिया है। बाकायदा अब सीएम सिटी के रेलवे स्टेशन को आदर्श
स्टेशन बनाने की दिशा में कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
आदर्श स्टेशन की
श्रेणी में आने से बेशक करनालवासियों की जंक्शन की मुराद पर कोई असर नहीं
पड़ेगा और अभी शहरवासियों को इस मुराद को पूरा करने के लिए और प्रतीक्षा
करनी पड़ेगी। लेकिन आदर्श स्टेशन की श्रेणी में आने से सीएम सिटी का रेलवे
स्टेशन अत्याधुनिक सुविधाओं से पूरी तरह से लैस हो जाएगा।
आदर्श स्टेशन
बनने के बाद स्टेशन पर स्वचालित सीढ़ियों की भी व्यवस्था कराई जाएगी। करनाल
स्टेशन के साथ कुरुक्षेत्र, अंबाला और चंडीगढ़ के स्टेशन को वर्ल्ड क्लास
रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा। सोनीपत, पानीपत, करनाल, दिल्ली इन स्टेशन को ए
क्लास श्रेणी में शामिल किया गया है। आदर्श स्टेशन बनने से टिकट काउंटर के
साथ-साथ बुकिंग काउंटर की संख्या भी बढ़ सकती है, लेकिन ज्यादा संभावनाएं
शहर में रेलवे स्टेशन के नजदीक जनसाधारण टिकट बुकिंग सेवक (जेटीबीएस)
काउंटर खोलने की योजना है।
लेडिज के लिए बनेगा वेटिंग रूम
आदर्श
स्टेशन के चलते करनाल रेलवे स्टेशन पर लेडिज के लिए फर्स्ट क्लास सेपरेट
रूम बनेगा। यह सेपरेट रूम पूर्णत: एसी होगा। इसी के साथ ही फर्स्ट क्लास
वेटिंग रूम भी बनेगा। यह भी पूर्णत: एसी रूम होगा। दोनों प्रतीक्षालय तमाम
सुविधाओं से लैस होंगे। वर्तमान स्थिति की बात करें तो फिलहाल करनाल स्टेशन
पर एक ही प्रतीक्षालय है। इस प्रतीक्षालय में कोई भी सुविधा मौजूद नहीं
है।
ढाई करोड़ की लागत से बनेगा फुट ओवरब्रिज
आदर्श स्टेशन बनने
से करनालवासियों की एक लंबे समय से चल रही फुट ओवरब्रिज की मांग पूरी हो
जाएगी। यदि यह मांग पूरी होती है तो इससे रामनगर, शिव कॉलोनी, न्यू
प्रेमनगर, शांति कॉलोनी, मान कॉलोनी, कृष्णा कॉलोनी, पाल नगर, शहदपुरा,
गुरुनानकपुरा कॉलोनी सहित करीब 2 लाख की आबादी को लाभ पहुंचना तय है। अभी
रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज की सुविधा नहीं होने से इन लोगों को भारी
परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करनाल में बनने वाला फुट ओवरब्रिज
करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा।
वीआईपी और क्लॉक रूम भी बनेंगे
आदर्श
स्टेशन पर वीआईपी के लिए अलग से रूम बनाए जाएंगे। इतना ही नहीं लोगों के
सामान की सुरक्षा के लिए क्लॉक रूम की भी व्यवस्था कराई जाएगी। इस रूम में
कोई भी रेल यात्री अपना सामान सुरक्षित रख सकेगा।
सर्कुलर एरिया में साइकिल स्टैंड तोड़कर बनाई जाएगी पार्किंग
इस
समय करनाल रेलवे स्टेशन पर कहीं भी पार्किंग की सुविधा मौजूद नहीं है।
लिहाजा जीआरपी,आरपीएफ को व्यवस्था बनाने में परेशानियों का सामना करना
पड़ता है। पार्किंग नहीं होने के चलते पुलिस व रेल यात्रियों की अकसर झड़प
होती भी देखी जा सकती है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। आदर्श स्टेशन बनने से
सर्कुलर एरिया में पार्किंग बनाई जाएगी। इस पार्किंग में ऑटो से लेकर कार व
साइकिल, मोटरसाइकिल की पार्किंग की सुविधा होगी। यह पार्किंग वर्तमान
साइकिल स्टैंड को तोड़कर बनाई जाएगी।
लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
स्टेशन
पर होने वाली घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जल्द ही सीसीटीवी लगाए जाएंगे।
इससे स्टेशन पर होने वाली हर गतिविधि इन कैमरों में कैद हो जाएगी। इतना ही
नहीं स्टेशन पर कोच इंडिकेटर भी लगाए जाएंगे। ऐसे में करनाल रेलवे स्टेशन
पर खड़े यात्री को पता चल जाएगा कि उसका कोच किस स्थान पर आएगा और उसे
ट्रेन में चढ़ने के लिए इधर-उधर भागने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
बनेंगे पे एंड यूज टायलेट
स्टेशन
को नीट एंड क्लीन बनाने की दिशा में स्टेशन के बाहर की ओर पे एंड यूज
टायलेट की व्यवस्था कराई जाएगी। इसमें स्नानागार भी होगा। पैसे देकर इस पे
एंड यूज टायलेट का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
स्टेशन अधीक्षक विरेंद्र कुमार, ने कहा िककि करनाल के
स्टेशन को आदर्श स्टेशन में शामिल किया गया है। आदर्श स्टेशन बनने से करनाल
स्टेशन की कायापलट हो जाएगी। कुरुक्षेत्र, चंडीगढ़ व अंबाला को वर्ल्ड
क्लास स्टेशन बनाया जाएगा। सोनीपत, पानीपत, दिल्ली व करनाल ए क्लास स्टेशन
पहले ही थे। फुट ओवर ब्रिज की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।
-स्टेशन अधीक्षक, करनाल।