माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। अल्फा सिटी में स्थित यूनिसिस इन्फो सॉल्यूशन्स एवं सागा म्यूजिक कंपनी के कार्यालय पर फायरिंग करने वाले तीन बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस अब दिल्ली और राजस्थान में दबिश दे रही है। अब तक उनको पकड़ने में सफलता नहीं मिली है। वारदात को आठ दिन बीत चुके हैं। पुलिस की छह टीमें जांच में लगाई गई हैं।
पुलिस एक बदमाश को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है, दावा है कि अन्य बदमाशों को भी जल्द काबू कर लिया जाएगा। 29 अक्तूबर को बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने कंपनी के कार्यालय पर 53 राउंड फायरिंग की थी। तड़के 4:30 बजे दो बाइकों पर सवार होकर आए बदमाशों ने आठ मिनट तक गोलियां चलाईं थीं और मौके से भाग गए। एक के बाद एक गोलियां लगने से कार्यालय के चार मंजिला भवन की खिड़कियों और छज्जों के शीशे व कांच के मुख्य द्वार चकनाचूर हो गए थे।
कंपनी के मालिक सिमरनजीत सिंह की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज करते हुए जांच के लिए कुल छह टीमों का गठन किया गया था। वारदात के बाद सोशल मीडिया पर गैंगस्टर दीपक नांदल की ओर से वारदात की जिम्मेदारी ली गई। इसके पोस्ट भी वायरल हो रहे हैं। इसे लेकर भी पुलिस टीम अलग से जांच कर रही है।