कमेटी चौक से सब्जी मंडी के बाद इस रविवार को सेक्टर-12 में राहगिरी कार्यक्रम की धूम रही। पिछली बार को राहगिरी कार्यक्रम जहां शहीद भगत सिंह को समर्पित रहा तो इस बार के राहगिरी कार्यक्रम में भूतपूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री और महात्मा गांधी की झलक दिखाई दी।
इस दौरान युवा लाल बहादुर शास्त्री और गांधी की वेशभूषा में नजर आए। एसपी से लेकर मौजूद हर शख्सियत शास्त्री की टोपी पहनकर मानो उन्हें अपने श्रद्धासुमन अर्पित कर रहा था। इस मौके पर नगर निगम के ईओ धीरज कुमार व उनकी टीम ने लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। बेशक राहगिरी का स्थान बदल दिया गया, लेकिन जनता को जोश पहले दिनों वाला ही रहा। उसी अंदाज में तीरंदाजी हुई और उसी अंदाज में बच्चों व बड़ों ने मस्ती की। गौरतलब है कि कमेटी चौक पर बढ़ती भीड़ व कम पड़ते एरिया को देखकर इस बार का कार्यक्रम सेक्टर-12 में कराया गया। लोगों की रुचि का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कार्यक्रम की शुरुआत 6 बजे होनी थी लेकिन लोग सुबह 5 बजे से ही जुटने शुरू हो गए थे।
नई जगह के साथ कुछ नई विधाओं की भी हुई शुरुआत
सेक्टर-12 में जहां प्रशासन ने राहगिरी का विस्तार किया वहीं नई विधाएं भी यहां शुरू की। कुश्ती में पहलवानों के साथ आम लोगों ने भी दो-दो हाथ किए। रस्साकसी में भी कई ग्रुपों ने जोर आजमाए। जैस ही 6 बजे सड़कों पर कहीं डीजे की आवाज गूंजने लगी तो कहीं योग की क्लास शुरू हो गई। सुबह 6 से 9 बजे तक धूम-धड़ाके के बीच लोगों ने राहगिरी का मजा लिया।
शृंगार रस की कविताओं ने जवां किए दिल
राहगिरी के दौरान युवा कवि कृष्ण कुमार निर्माण की कविताओं का युवकों-युवतियों ने खूब आनंद लिया। कृष्ण निर्माण ने मोहब्बत और प्रेम पर आधारित कविताएं पढ़ी तो युवा दिल धड़क उठे। एटम बम बनाने वालों मोहब्बत बना के देखिए और जब ते मनैं प्यार होया सै, जीना दुश्वार होया सै... कविता की हर पंक्ति पर युवाओं ने जोरदार तालियां बजाईं।