आयकर विभाग की टीमों के द्वारा शहर के पॉश एरिया में चल रहे पांच कोचिंग
सेंटर्स पर आयकर विभाग की टीम द्वारा छेड़ा गया गया छापेमारी अभियान दूसरे
दिन भी जारी रहा। ज्वाइंट कमिश्नर वंदना मोहिता के नेतृत्व में करीब 50
सदस्यों ने इन पांचों संस्थानों के चप्पे-चप्पे को दूसरे दिन भी खंगाल
डाला। गौरतलब है कि सेक्टर 13 की मेन मार्केट स्थित सांकला कोचिंग सेंटर व
एमएलबी सेंटर के अलावा सेक्टर 7 स्थित राठी कोचिंग सेंटर, मॉडल टाउन स्थित
प्लेनेंट अकाउंटेंसी व सेक्टर 6 में चल रहे कोचिंग सेंटर पर मंगलवार दोपहर
बाद पानीपत और करनाल की आयकर विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से छापामारी
अभियान चलाया था। समाचार लिखे जाने तक पांचों संस्थानों पर आयकर विभाग की
टीमों की छापेमारी चल रही थी। आयकर विभाग की छापेमारी का भय दूसरे दिन भी
शहर के अन्य कोचिंग संस्थानों पर भी दिखाई दिया। आयकर विभाग की छापेमारी के
चलते कुछ संस्थान बुधवार को बंद रहे।