मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि जिस वार्ड या कालोनी में प्रत्येक घर से
कचरा इकट्ठा करके उससे रुपये कमाने का प्रयास किया जाएगा। इस प्रकार उस
क्षेत्र में सफाई की व्यवस्था बनेगी। उस वार्ड और कालोनी के प्रत्येक
निवासी को संपत्ति कर में 10 प्रतिशत छूट दी जाएगी। मुख्यमंत्री रविवार को
एनडीआरआई के सभागार में राज्यस्तरीय स्वच्छ हरियाणा-स्वच्छ भारत समारोह के
अवसर पर बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि जिस वार्ड और गांव के
हर घर में शौचालय होगा, उसे 1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। यही नहीं इसी
तर्ज पर नगरपालिका के लिए 5 लाख, नगर परिषद के लिए 10 लाख और नगर निगम को
20 लाख का पुरस्कार दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ
हरियाणा-स्वच्छ भारत अभियान के तहत गांव में 83 प्रतिशत घरों में शौचालय
बनाए जा चुके हैं। इन शौचालयों के रख-रखाव के स्थाई समाधान की दिशा में
कार्य किये जा रहे हैं। शहरों में डेयरियों से होने वाली गंदगी को रोकने के
लिए उन्हें शहर से बाहर एक जगह स्थापित किया जाएगा। इसी प्रकार आवारा
पशुओं के लिए प्रत्येक जिले में नंदी शालाएं बनाई जा रही हैं। शरीर,
परिवार, मोहल्ला, गांव प्रदेश व देश की सफाई बाहर से देखने को मिलती है,
उसके साथ-साथ रूहानी सफाई की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने शहरी स्थानीय निकाय
विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव नवराज संधू को निर्देश दिये कि स्वच्छता
मिशन की कामयाबी व आम लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए वेबसाइट का
निर्माण कराएं। इस अवसर पर विकास एवं पंचायत विभाग के निदेशक चन्द्रशेखर,
शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक पंकज अग्रवाल, पंचकूला के विधायक
ज्ञानचंद गुप्ता, ओएसडी अमरेन्द्र सिंह, बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव आरपी
सिंह, नगर निगम की आयुक्त सुमेधा कटारिया मौजूद थीं।
सीएम ने स्वच्छता के लिए कार्य करने वाले किए सम्मानित
राज्यस्तरीय
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मनोहर लाल ने स्वच्छ भारत मिशन पर
राज्यस्तरीय प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता के
क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के
सदस्यों और सामान्य लोगों को सम्मानित भी किया। इनमें घर में शौचालय बनाने
वाले करनाल के गांव छोटी मंगलपुर के गरीबदास और गांव बड़ी मंगलपुर की रेशमा
देवी व उषा को सम्मानित किया गया। गांव छोटी मंगलपुर में घर में शौचालय
बनवा रहीं अंगूरी व सुलोचना को भी सम्मानित किया गया। इनके अलावा अंबाला से
अनिल राणा, भिवानी से एनपी गौड़, करनाल से एक्सईएन अनिल कुमार गुप्ता,
कैथल से शाह सतनाम, कुरुक्षेत्र से जुमनराम, मेवात से नरेन्द्र पटेल, सिरसा
से देवेन्द्र कुमार बिश्नोई, फतेहाबाद से ईश्वर दत्त, गुड़गांव से
परमिन्द्र कटारिया, रोहतक से कृष्ण कुमार वासने, पलवल से प्रदीप कुमार बीर,
जींद से अशोक कुमार और पंचकूला से महेन्द्र सिंह को सम्मानित किया गया।
झज्जर से भंवर सिंह, हिसार से कुलदीप कुमार, करनाल से सरपंच जसमेर सिंह,
पंचकूला से गरीबो देवी, रोहतक से राजकुमार और सिरसा से उषा रानी, कार्यकारी
अभियंता सतीश गोयल पुरस्कार पाने वालों में शामिल रहे।
भाजपा के आंदोलनकारियों को देंगे ताम्रपत्र
मुख्यमंत्री
ने मनोहर लाल ने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने
लोकतंत्र की बहाली के लिए कार्य किया था। आज उनकी जयंती भी मनाई जा रही है।
आपातकाल के दौरान करीब 90 हजार लोगों ने इसका विरोध किया था। आज 40 वर्ष
के बाद उनमें से जो लोग हमारे बीच में हैं, उनकी जिला स्तर पर सूची बनवाई
गई है। उनको 26 जनवरी 2016 को ताम्रपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा तथा
शुभ्र ज्योत्सना नामक ग्रंथ भी प्रकाशित किया जाएगा। आपातकाल के दौरान जेल
गए लोगों को सरकार द्वारा बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा, सरकारी
अस्पतालों में सरकारी कर्मचारियों की तर्ज पर इलाज तथा लग्जरी बस में
किराये में 25 प्रतिशत छूट दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय
बालिका दिवस की भी बधाई दी।