इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव चौधरी अभय सिंह चौटाला ने मंगलवार को करनाल में राष्ट्रीयवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी-शरद पंवार) के साथ विधिवत गठबंधन का एलान कर दिया है। उन्होंने करनाल में आयोजित एक कार्यक्रम में करनाल लोक सभा सीट पर दोनों पार्टियों के संयुक्त प्रत्याशी के रूप में एनसीपी के प्रदेशाध्यक्ष मराठा वीरेंद्र वर्मा को घोषित कर कार्यकर्ताओं को उन्हें चुनाव लड़ाने के दिशा निर्देश भी दे दिए हैं।
एनसीपी व इनेलो के बीच करनाल लोक सभा सीट पर चुनाव लड़ाने को लेकर कई दिनों से सियासी खिचड़ी पक रही थी। मंगलवार को आीटीआई चौक के निकट रेड कार्पेट में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे चौधरी अभय सिंह चौटाला का एनसीपी के प्रदेशाध्यक्ष मराठा वीरेंद्र वर्मा ने स्वागत किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं की जनसभा के बीच मराठा वीरेंद्र वर्मा को एनसीपी व इनेलो का संयुक्त प्रत्याशी घोषित किया गया। इस मौके पर चौटाला ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को हराना है, क्योंकि उनकी नीतिया दस सालों में किसान विरोधी रही हैं। इसके बाद अभय सिंह चौटाला भी मराठा वीरेंद्र वर्मा के नामांकन में शामिल होने रवाना हो गए।