लोगों की समस्या सुनते विधायक जगमोहन आनंद। स्वयं
करनाल। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में करनाल और नीलोखेड़ी के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। विधायक जगमोहन आनंद ने करनाल के लिए कुल 11 प्रमुख मांगें रखीं। वहीं, नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने तरावड़ी कॉलेज के अधूरे निर्माण का मुद्दा उठाया।
जगमोहन आनंद ने सेक्टर-37 में ट्रांसपोर्ट हब विकसित करने की मांग की। उन्होंने कपड़ा बाजार को भी वहां स्थानांतरित करने का सुझाव दिया। इससे शहर में बढ़ते ट्रैफिक और अव्यवस्था को दूर किया जा सकेगा। करनाल में गुड्स ट्रांसपोर्ट संचालकों के लिए समुचित पार्किंग स्थल नहीं है। ट्रांसपोर्ट नगर बनने से ट्रैफिक दबाव कम होगा और व्यवसाय को गति मिलेगी। काछवा गांव के पास ओवरब्रिज और सड़क चौड़ीकरण की मांग भी रखी गई। गुड़, दाल, मसाला और चारा मंडियों के निर्माण को शीघ्र स्वीकृति देने पर जोर दिया गया। विधायक ने कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में 1527 पदों की स्वीकृति का मुद्दा उठाया। उन्होंने एचकेआरएन कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी देने की भी मांग की।
अन्य प्रमुख मांगें
जगमोहन आनंद ने जिला परिषद में शामिल मार्केटिंग बोर्ड की छह गांवों की सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग की। सेक्टर-13 की खाली भूमि का योजनाबद्ध विकास करने पर जोर दिया गया। सरकारी निर्माण कार्यों में अत्यधिक माइनस पर टेंडर की व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया गया। उन्होंने उपमंडल स्तर पर विधायक कार्यालय की व्यवस्था की भी मांग की।
तरावड़ी कॉलेज के अधूरा निर्माण का मुद्दा उठाया
तरावड़ी/नीलोखेड़ी। नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने तरावड़ी स्थित गुरु तेग बहादुर महाविद्यालय के अधूरे निर्माण कार्य का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार से इस मामले में स्पष्ट जवाब मांगा। विधायक ने बताया कि कॉलेज का 70 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कार्य में देरी के कारणों और शेष कार्य को दोबारा शुरू करने की समय-सीमा पर जानकारी मांगी।
लोगों की समस्या सुनते विधायक जगमोहन आनंद। स्वयं