रेलवे स्टेशन से सटे आधुनिक पार्क के निर्माण कार्यों को लेकर नगरपालिका अधिकारियों की टीम ने पार्क की स्थिति का जायजा लिया। एक करोड़ 94 लाख की लागत से बन रहे इस आधुनिक पार्क में आने वाले दो सप्ताह के अंदर सिविल वर्क पूरा हो जाएगा और फरवरी माह तक पार्क तैयार हो जाएगा। जिसके बाद लोगों को एक सुंदर व हराभरा माहौल पार्क में मिलेगा। इसके अतिरिक्त रेलवे लाइन और पार्क की दीवार के बीच खाली पड़ी जमीन पर मिट्टी डलवाकर लेवल करवाया जाएगा और पेड़-पौधे लगाए जाएंगे, ताकि पार्क के आस पास का माहौल हराभरा हो।
शहरवासियों की मांग पर विधायक हरविंद्र कल्याण के अथक प्रयासाें से रेलवे की जमीन पर लगभग तीन एकड़ भूमि पर आधुुनिक पार्क का निर्माण शुरू हुआ। नगरपालिका द्वारा इस पार्क का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। अब तक की स्थिति यह है कि आने वाले 15 दिनों में सिविल वर्क पूरा हो जाएगा। सप्ताहभर तक लाइटें जगमगाने लगेगी। इसके अलावा पार्क में बच्चों के लिए झूले, ऑपन एयर जिम, वॉकिंग ट्रैक व बैठने के लिए शेड बनाए गए है। साथ ही भूजलस्तर को बढ़ाने के लिए पार्क में तीन रेन वॉटर हार्वेस्टिंग लगाए गए है, ताकि पार्क में एकत्रित होने वाला बरसात का पानी भूमि में ही चला जाए। बुधवार को नगरपालिका सचिव रविप्रकाश शर्मा ने पालिका अभियंता प्रियंका सैनी व वार्ड पार्षद रामसिंह व पार्षद प्रतिनिधि श्रीपाल राणा के साथ पार्क के कार्यो का निरीक्षण किया। साथ ही ठेकेदार को काम में तेजी लाने के निर्देश जारी किए। नपा सचिव ने बताया कि विधायक हरविंद्र कल्याण के निर्देश पर एक बेहतरीन पार्क शहरवासियों को सुपुर्द किया जाएगा। अब रेलवे लाइन और पार्क के बीच में खाली पड़ी जमीन की लेवलिंग करके इसमें पेड़-पौधे लगाए जाएंगे।