असंध के नागरिक अस्पताल में दवा लेने आई एक युवती ने नागरिक अस्पताल में तैनात फार्मासिस्ट पर नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोपी फार्मासिस्ट युवती को अपने फार्म हाउस पर लेकर गया था, वहां उसने युवती को पानी पिलाया और वह बेहोश हो गई। पीड़िता की शिकायत पर असंध महिला थाना पुलिस ने फार्मासिस्ट आरोपी विजेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह कल नागरिक अस्पताल में अपनी माता की दवाई लेने के लिए आई थी। इसी दौरान अस्पताल के फार्मासिस्ट आरोपी विजेंद्र ने उसे चाय और खाने की चीज में नशीला पदार्थ दे दिया। इसके बाद आरोपी फार्मासिस्ट उसे गाड़ी में बैठाकर घर छोड़ने के लिए चल दिया। वह रास्ते में उसे अपना फार्म हाउस दिखाने लगा। इसी दौरान जब वह वहां गई तो आरोपी ने उसे पानी पिलाया। पानी पीकर वह बेहोश हो गई। होश में आने पर उसे अपने साथ गलत होने का अहसास हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में जांच अधिकारी प्रवीण लता ने बताया कि उन्होंने पीड़िता का करनाल के नागरिक अस्पताल से मेडिकल करवाया है। जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। वहीं, पीड़िता के मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज करवा दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।