गांव जाखौली में गंदे पानी की निकासी न होने से गुस्साए ग्रामीणों ने वीरवार सुबह करीब नौ बजे कैथल-पानीपत मार्ग पर जाम लगा दिया। इस कारण असंध, सफीदों, पानीपत और कैथल जाने वालों वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम करीब एक घंटे तक लगा रहा। थाना तितरम प्रभारी ने लोगाें को समझाया और जाम खुलवाया।
जाम के दौरान ग्रामीणाें और महिलाआें ने बताया कि कैथल असंध मार्ग पर बने नालाें की सफाई न होने के कारण गंदा पानी गांव की मुख्य गली में जमा हो जाता है। इससे गली से गुजरना खतरे से खाली नहीं है। महिलाआें ने आरोप लगाया कि इस बारे में कई बार प्रशासन को अवगत करवाया जा चुका है लेकिन प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
ग्रामीणाें ने बताया कि गली तो पक्की है लेकिन पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इससे घराें से निकलने वाला गंदा पानी गली में ही जमा होता रहता है। उधर, मौके पर पहुंचे पुलिस बल के साथ तितरम थाना प्रभारी रोहताश ने ग्रामीणाें और महिलाआें को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। लोगाें ने चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो वे दोबारा सड़क पर जाम लगा देंगे।
एक हफ्ते में समाधान
गांव की सरपंच सीमा रानी के पति बलबीर सिंह ने बताया कि कैथल असंध मार्ग पर बने नालाें और पानी की निकासी न होने के कारण हंसो पट्टी की गली में पानी जमा हो जाता है। राय पानी वाला तालाब भरने से भी यह समस्या आ रही है। एक हफ्ते में उक्त तालाब से पानी की निकासी और नालाें की सफाई करवा दी जाएगी।