करनाल रोड स्थित एटीएम को खोलकर चोरों ने वीरवार रात को 22 लाख 5 हजार 700 रुपये उड़ा लिए। चोरों ने सीसीटीवी के प्रोसेसर को आग लगा लगा दी और एटीएम में लगे कंप्यूटर को अपने साथ उठा ले गए। पुलिस और बैंक अधिकारियों ने एटीएम का दौरा कर जांच शुरू कर दी है।
करनाल रोड पर लघु सचिवालय के सामने स्थित बाल भवन की दुकानों में पीएनबी का एटीएम बंद होने की सूचना मिलने पर कर्मचारियों ने पड़ताल की। शुकवार सुबह दस बजे पता चला कि एटीएम मशीन तोड़ी दी गई है।
सूचना मिलने के बाद दोपहर बाद ढाई बजे बैंक के सर्कल मैनेजर मदन लाल गुप्ता, सर्विस इंचार्ज संदीप, करनाल रोड स्थित बैंक के मैनेजर एससी ग्रोवर, थाना सिविल लाईन प्रभारी अश्वनी शर्मा, सीआईए इंचार्ज सत्यवान सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने एटीएम का बारीकी से निरीक्षण किया। इसमें पाया कि एटीएम को किसी जानकार व्यक्ति ने खोला है। इसके ऊपर एवं साइड में लगे लॉक को खोलने के बाद एटीएम मशीन खोलने के लिए प्रयोग होने वाले कोड के साथ इसे खोला गया है।
क्योंकि एक भी लॉक टूटा हुआ नजर नहीं आ रहा था। इसके बाद खोले गए लॉक के बाद मशीन से कैश चोरी किया गया। इसके साथ-साथ मशीन के ऊपरी हिस्से में लगाए गए कंप्यूटर को भी चोर उड़ा लगे गए। चोर इतने शातिर थे कि एटीमएम में लगाए गए सीसीटीवी के प्रोसेसर को आग लगा दी।
वारदात के तरीके से ऐसा लगता है कि चोरी करने वाले को एटीएम मशीन के अंदर कंप्यूटर, कैश रखने की जगह एवं सीसीटीवी के प्रोसेसर के बारे में पूरी जानकारी थी। सबसे बड़ी बात है कि एटीएम की सुरक्षा में गार्ड तैनात नहीं था।
बैंक मैनेजर एचसी ग्रोवर ने बताया कि चोरी के संबंध में आला अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। आगे की कार्रवाई बैंक प्रबंध के निर्देशानुसार की जाएगी। बैंक अधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि 22 लाख 5 हजार 700 रुपये की राशि चोरी हुई है।
वहीं, थाना सिविल लाइन प्रभारी अश्वनी शर्मा का कहना है कि जिस तरह से एटीएम खोलकर घटना को अंजाम दिया गया है, उससे लगता है कि तकनीकी रूप से जानकार व्यक्ति का काम है।