करनाल। शामगढ़ गांव के खेल स्टेडियम में शुक्रवार को दोदिवसीय कबड्डी खेल महाकुंभ शुरू हो गया। कबड्डी के मुकाबले सुबह से शाम तक चले। स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा।
शुभारंभ गांव शामगढ़ के पूर्व सरपंच दिलराज शामगढ़ व पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुरजीत शामगढ़ ने किया। सुरजीत शामगढ़ ने कहा कि कबड्डी हमारी मिट्टी से जुड़ा खेल है और ऐसे आयोजन आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे। उन्होंने बताया कि इस कबड्डी महाकुंभ में विजेता टीमों के लिए ट्रॉफी के साथ-साथ लाखों रुपये के नगद इनाम रखे गए हैं, जिसे लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है।
20 दिसंबर को महिला खिलाड़ियों और हरियाणा-पंजाब के इनामी पहलवानों का दमखम देखने को मिलेगा। इसके साथ ही हरियाणा बनाम पंजाब ओपन पुरुष वर्ग के इनामी पहलवान भी अपने दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
सुरजीत पहलवान, दिलराज शामगढ़, रितेश चौधरी, दिलजीत सिंह, अश्वनी कल्याण सोनी, महेश चौधरी, संजीव कुमार बिल्लू मौजूद रहे।