संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। चोरी की वारदातों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। अब चोरों ने अलग-अलग स्थानों पर दो वारदातों को अंजाम दिया। एनडीआरआई के अधिकारी समेत दो मकानों से चोर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी समेत लाखों का सामान ले गए। पीड़ितों ने मामला दर्ज कराया है। एनडीआरआई के सहायक मुख्य तकनीकी अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि वह तीन जून से अवकाश पर थे और बाहर गए थे। 14 जून को उनके पड़ोसी ने सूचना दी कि उनके क्वार्टर के गेट का ताला टूटा है। सोमवार को वह वापस संस्थान पहुंचे तो मकान से सोने चांदी के 28 ग्राम वजनी गहने, तीन चांदी के सिक्के और दो हजार रुपये गायब थे। मकान से 1.20 लाख रुपये का सामान चोरी हुआ।
एक लाख की नकदी उड़ाई
फूसगढ़ निवासी बाला ने बताया कि वह अपने मकान का निर्माण करा रही है। जिस कारण घर का सारा सामान पास स्थित वाल्मीकि मंदिर में रखा है। मंदिर में अलमारी भी रखी है। जिसमें नकदी व अन्य कीमती सामान था। सोमवार रात करीब दो बजे अलमारी में रखी एक लाख 12 हजार रुपये की नकदी समेत कीमती सामान चोरी हो गया। पीड़िता ने मामला दर्ज कराया है।