माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जेईई मेन्स की परीक्षा में अब वैकल्पिक सवालों की सुविधा खत्म हो गई है। अब प्रत्येक अभ्यर्थी को केवल चुनिंदा और अनिवार्य सवाल ही पूछे जाएंगे। जिन्हें सभी के लिए हल करना अनिवार्य होगा। अगले सत्र से एनटीए कोरोना काल से पहले की तरह के प्रश्नपत्र को लागू करेगा।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने जेईई यानी ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम मेन्स 2025 के प्रारूप में बदलाव किया है। परीक्षा के सेक्शन बी में वैकल्पिक प्रश्न खत्म कर दिए हैं। अब सिर्फ पांच सवाल मिलेंगे, सभी को हल करना अनिवार्य होगा। पहले 10 सवाल मिलते थे, जिसमें से पांच प्रश्न हल करने होते थे। एनटीए ने इस संदर्भ में अधिसूचना जारी की है।
अधिसूचना के अनुसार, कोविड-19 महामारी के दौरान विद्यार्थियों पर दबाव कम करने के लिए परीक्षा में वैकल्पिक प्रश्नों की शुरुआत की गई थी। ऐसा 2021 से लेकर 2024 तक चला। अब अगले साल यानी 2025 से इसके प्रारूप में बदलाव कर रहे हैं। जेईई मेन्स 2025 के सेक्शन बी में पेपर-1 (बीई/बीटेक), पेपर-2ए (बी. आर्च), और पेपर 2बी (बी. प्लानिंग) में हर विषय में केवल पांच अनिवार्य प्रश्न होंगे। अभ्यर्थी को किसी भी विकल्प के बिना सभी पांच सवालों को हल करना होगा।
अधिसूचना के अनुसार, जेईई मेन्स 2025 के पहले चरण के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। इसकी विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर जारी की जाएगी। जेईई की परीक्षा की तैयारी कराने वाले जेनेसिस क्लासिस के निदेशक जितेंद्र अहलावत का कहना है कि जेईई मेन्स प्रवेश परीक्षा के प्रश्न पेपर में अब विकल्प नहीं होने के कारण अभ्यर्थी के लिए स्कोर करना पहले से मुश्किल होगा। इससे क्वालीफाइंग कटऑफ में कमी जरूर आएगी।
अब कैसा होगा परीक्षा प्रारूप
इंजीनियरिंग कोर्स में दाखिले के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रवेश परीक्षा जेईई मेन्स में तीन पेपर होते हैं। इसमें भौतिकी, कैमिस्ट्री और गणित होता है। तीन घंटे की परीक्षा में कुल 90 प्रश्न होते हैं और सभी के 30-30 सवाल पूछे जाते हैं।
- पेपर ए के हर विषय में 20 वैकल्पिक प्रश्न होते हैं, जबकि पेपर बी में 10 अंकीय प्रश्न होते हैं। अब नए प्रारूप के तहत सेक्शन बी में 10 से घटकर पांच सवाल होंगे और सभी प्रश्न अनिवार्य होंगे।