घरौंडा। जिला योजनाकार विभाग ने मंगलवार को पुलिस बल की माैजूदगी में बरसत रोड पर स्थित अवैध कॉलोनियों में कार्रवाई करते हुए जेसीबी से कच्ची सड़कों को उखाड़ा और अवैध निर्माण ध्वस्त किया। एक ही कॉलोनी में विभाग की यह पांचवीं कार्रवाई है।
जिला योजनाकार अधिकारी गुंजन वर्मा, ड्यूटी मजिस्ट्रेट रविप्रकाश शर्मा व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी में बनाई गई सड़कों को ध्वस्त कराया। कार्रवाई के दौरान कॉलोनी स्थल पर चेतावनी बोर्ड भी लगाया गया। गौरतलब है कि विभाग इससे पहले भी चार बार इस अवैध कॉलोनी के खिलाफ कार्रवाई कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद बिल्डर दोबारा सड़कों को दुरुस्त कर लोगों को प्लॉट बेचने का प्रयास करने लगते हैं।
डीटीपी अधिकारी गुंजन ने बताया कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी है। भूमि मालिकों और काॅलोनाइजरों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति विकसित की जा रही किसी भी कॉलोनी को पनपने नहीं दिया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। संवाद