कालिदास रंगशाला में मनाया गया उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कालिदास रंगशाला में रविवार को उत्तराखंड सभा की ओर से उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। इस माैके पर लोकगायक पन्नू गुसाई के गीत... जय बद्रीनाथ, जय केदारनाथ... पर दर्शक झूम उठे। इस दौरान बेडू पाको बारामासा, नरैण काफल पाको चैत.. लोकगीत भी गाया गया।
इसके अलावा गायक जगदीश भट्ट, रमेश विष्ट, सुनील थपलियाल, सुरेंद्र सिंह रावत, विक्रम रावत, पदम रावत ने भी गीत गाकर समां बांध दिया और तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही। इस दौरान पूरा माहौल उत्तराखंड के रंग में रंगा नजर आया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने उत्तराखंड की संस्कृति, सभ्यता और खानपान को अद्वितीय बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के दौरे से मिलने वाली खुशी और सुकून की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने उत्तराखंड वासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं और बधाई दी। कल्याण ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने अपनी मेहनत और सोच से समाज में एक अलग स्थान और सम्मान अर्जित किया है।
उन्होंने उत्तराखंड वासियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विधानसभा अध्यक्ष ने अपने बचपन की उत्तराखंड से जुड़ी विस्मृतियों को भी साझा किया। उनके मन में उत्तराखंड राज्य की यादें बसी हुई हैं। उन्होंने देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और मसूरी जैसे स्थानों का उल्लेख किया। साथ ही, बाबा केदार और बद्रीनाथ की पवित्र भूमि का भी जिक्र किया। वहां की खूबसूरत वादियां उन्हें बचपन में स्वर्ग का एहसास कराती थीं। आज भी उत्तराखंड जाकर जो खुशी और सुकून मिलता है, उसकी कोई कल्पना नहीं की जा सकती।
जनगणना में भाग लेने की अपील
समारोह में मेयर रेणु बाला गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि हरियाणा का गौरव बढ़ाने में उत्तराखंड के लोगों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हरको बैंक अध्यक्ष भारत भूषण जुयाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। जुयाल ने उत्तराखंड के लोगों से एक दिसंबर से चार जनवरी तक की जाने वाली जनगणना में अवश्य भाग लेने की अपील की। मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीन लाठर, प्रवासी परिषद के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश भट्ट, मेघा भंडारी भी मौजूद रहे।
जय बद्रीनाथ, जय केदारनाथ... लोकगीत पर झूमे उत्तराखंडवासी- फोटो : जय बद्रीनाथ, जय केदारनाथ... लोकगीत पर झूमे उत्तराखंडवासी
जय बद्रीनाथ, जय केदारनाथ... लोकगीत पर झूमे उत्तराखंडवासी- फोटो : जय बद्रीनाथ, जय केदारनाथ... लोकगीत पर झूमे उत्तराखंडवासी