माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। आईटीआई में छह चरणों की दाखिला प्रक्रिया के बावजूद सीटें रिक्त हैं। इस स्थिति को देखते हुए कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने दाखिले के लिए सातवें चरण का शेड्यूल जारी किया है। अब 19 से 30 अक्तूबर तक आईटीआई में ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया चलेगी। 17 अक्तूबर को रिक्त सीटों की सूची जारी की जाएगी। इसके लिए विभाग ने दिशा निर्देश जारी किए हैं।
ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया नए व पुराने आवेदनों की संयुक्त मेरिट के आधार पर चलेगी। इसमें कोई आरक्षण लागू नहीं होगा। जिले की विभिन्न आईटीआई में 10 से लेकर 30 प्रतिशत तक सीटें रिक्त हैं। इस स्थिति को देखते हुए ही कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने ऑन न स्पॉट दाखिला प्रक्रिया शुरू की गई थी। ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया में नए आवेदकों को भी शामिल किया जाएगा। नए आवेदक 29 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं।
लागू नहीं होगा कोई आरक्षण
19 से 30 अक्तूबर तक सभी आईटीआई में रिक्त सीटों पर दाखिला होगा। रिक्त सीटों पर चलने वाली दाखिला प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार का आरक्षण लागू नहीं होगा। इच्छुक विद्यार्थी जिस संस्थान में दाखिला लेना चाहते हैं, उन्हें संबंधित संस्थान में दोपहर 12 बजे से पहले अपना मेरिट कार्ड जमा करवाना होगा। विद्यार्थी 29 अक्तूबर तक मेरिट कार्ड अपलोड कर सकते हैं। विद्यार्थी जिस आईटीआई में दाखिला लेना चाहते हैं, वहां दाखिले के समय उपस्थित रहना होगा।
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में छह चरणों की दाखिला प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी सीटें रिक्त हैं। विभाग ने सातवें चरण की दाखिला प्रक्रिया का नया शेड्यूल जारी किया है। इसके तहत 19 से 30 अक्तूबर तक ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया चलेगी। रोजाना नई मेरिट लिस्ट बनेगी, जिसमें शामिल विद्यार्थियों को उसी दिन शाम तक दाखिले दिए जाएंगे।
- धर्मेंद्र सिंह, प्राचार्य, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान