संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। आईटीआई में दाखिले के लिए दोबारा से तिथि बढ़ने से छात्रों में उत्साह है। ऐसे विद्यार्थी जो इस सत्र में किसी भी शैक्षणिक संस्थान में दाखिला नहीं ले पाए थे वह आईटीआई की पारंपरिक ट्रेड में दाखिले के लिए लगातार आवेदन कर रहे हैं। इन व्यावसायिक ट्रेडों में रोजगार के ज्यादा अवसर होने व रोजगार मेले के दौरान अच्छी कंपनियों में जॉब प्लेसमेंट के चलते छात्रों ने आईटीआई में रुचि दिखाई है। अब जिले की आईटीआई में केवल 20 प्रतिशत सीटें ही बकाया है, अभी 30 अगस्त तक दाखिले होंगे।
आईटीआई में खाली पड़ी सीटों को आवेदन करने वाले छात्र अपने मूल दस्तावेज व उनकी कॉपी लाकर कार्यालय समय में तुरंत दाखिला ले सकते हैं। निदेशालय कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण, हरियाणा ने आवेदन की तिथि दूसरी बार बढ़ाकर 30 अगस्त की गई है, पहले यह तिथि 22 अगस्त तक ही थी। जिले में 11 आइटीआइ हैं। इनमें 4492 सीटें हैं, इनमें से 20 प्रतिशत सीटें अभी खाली पड़ी हैं। आईटीआई प्रवेश पोर्टल 30 अगस्त को दोपहर 11:59 बजे तक खुला रहेगा। इसके बाद कोई फार्म मान्य नहीं होगा। केवल दाखिला पोर्टल पर निर्धारित तिथि से पहले ऑनलाइन दाखिला फीस जमा करवाते हुए अपलोड हुआ दाखिला ही वैध माना जाएगा। इसके उपरांत यदि कोई दाखिले के लिए क्लेम करता है तो वह स्वीकार्य नहीं होगा। आगे भी सभी दाखिले मेरिट आधार पर ही होंगे। जिले की सभी आईटीआई की सीटों का विवरण अलग-अलग हैं। फीस जमा करने की प्रक्रिया ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों प्रकार से होगी।
गैरहाजिर छात्रों का दाखिला होगा रद्द
आईटीआई में कई विद्यार्थी नियमित कक्षाएं नहीं ले रहे हैं। ऐसे छात्रों के लिए संस्थान की ओर से आदेश जारी किए गए हैं कि वह जल्द से जल्द संस्थान में उपस्थित हों अन्यथा बिना सूचना के उनका दाखिला रद्द कर दिया जाएगा। इस कार्रवाई के लिए छात्र स्वयं ही जिम्मेदार होंगे।