जिंदगी में बेहतर करने के लिए अच्छे दोस्त बनाना आवश्यक : जया किशोरी
बच्चों के साथ जबरदस्ती नहीं करने की दी सीख, बोलीं- जो अच्छा लगे, उन्हें करने दें
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। श्री खाटू श्याम कीर्तन मंडल की ओर से आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन सेक्टर-12 में शुभारंभ हो गया। पहले दिन श्रीमद् भागवत कथा सुनाते हुए कथा व्यास जया किशोरी ने ... श्याम प्यारे से श्याम सुंदर से जिसका संबंध हैं, उनको हर दिन आनंद ही आनंद है... भजन गाकर सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद उन्होंने कहा कि हमें बच्चों के साथ जबरदस्ती बिल्कुल नहीं करनी चाहिए, जो बच्चों को अच्छा लगे, उन्हें वही करने दें, क्योंकि गिरे हुए को दुनिया और गिरा देती है, जिंदगी में अच्छा बनने के लिए, अच्छा नाम कमाने के लिए अच्छे दोस्त बहुत जरूरी हैं। जबरदस्ती तो भगवान ने भी नहीं की, जबरदस्ती की होती तो महाभारत का युद्ध नहीं होता।
प्रसिद्ध कथाव्यास जया किशोरी ने कहा कि मेरी संगति ठाकुर जी से और वे सब कुछ अच्छा करते हैं। समय कब निकल जाता है, हमें पता ही नहीं चलता, कोविड शुरू हुआ तो हमें लगा कि सब कुछ खत्म हो जाएगा, लेकिन उसे बीते भी तीन साल हो गए, पता ही नहीं चला। ये संसार एक न एक दिन धोखा देता है, चाहे वो कोई भी हो, केवल भगवान ही आपके साथ चलते हैं। भगवान को अपना मान लिया तो समझो सब कुछ मिल गया। मनुष्य के पास मनोरंजन के सबसे ज्यादा साधन हैं, वो फिर भी बोर हो रहा है। मनुष्य का रोना ही बंद नहीं हो रहा। हम भगवान से सब कुछ मांगते हैं लेकिन उनसे उन्हीं को नहीं मांगते, जिस दिन आपने भगवान को मांग लिया, समझो सब कुछ मिल गया। जय किशोरी ने कहा कि इस लोक में मानव जीवन प्राप्त करने के बाद श्रीमद्भागवत कथा श्रवण बड़ा दुर्लभ है, क्योंकि हमारे करोंड़ो पुण्यों के बाद ही हमें भागवत कथा सुनने का मौका मिलता है, क्योंकि जो हमें चिंतामणि नहीं दे सकती, कल्पवृक्ष नहीं दे सकता वो हमें गुरु की कृपा दे सकती है। क्योंकि गुरु का एक वाक्य हमें सर्व सुख प्राप्त करा सकता है। इस संसार का सबसे बड़ा डर मृत्यु है क्योंकि एक बार अगर मृत्यु हो गई तो फिर मानव जीवन मिलना दुर्लभ है। मनुष्य जन्म लेने के पश्चात् संसार के मायाजाल में फंस जाता है और उसे मनुष्य योनि का वास्तविक लाभ प्राप्त नहीं हो पाता।
शहर में निकाली गई कलश यात्रा
कथा से पूर्व कलश यात्रा एवं निशान यात्रा राम लीला ग्राउंड से शुरू होकर रेलवे रोड, कर्ण गेट, कुंजपुरा रोड से होते हुए कथा स्थल तक पहुंची। श्री खाटू श्याम कीर्तन मंडल के सभी सदस्यों ने निशान उठाया और श्याम बाबा का गुणगान करते हुए झूमते हुए निकले। करनाल की महापौर मेयर रेनू बाला गुप्ता ने भी कलश उठाया। वही महिलाओं द्वारा कलश यात्रा में भी बाबा की जयघोष करती नजर आई।