संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में छह माह की गर्भवती महिला का अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर गर्भपात होने के मामले में जांच शुरू हो गई है। सीएमओ के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय कमेटी ने मंगलवार को अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों व नर्सिंग स्टाफ से पूछताछ की।
बिहार के समस्तीपुर निवासी 20 वर्षीय पिंकी जो वर्तमान में घरौंडा में किराये के मकान में रह रही हैं, रविवार को पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची थीं। परिजन का आरोप है कि इमरजेंसी में इंजेक्शन लगाकर अगले दिन आने के लिए कहा गया। सोमवार को दोबारा आने पर उन्हें ओपीडी में भेज दिया गया। परिजन के मुताबिक, अस्पताल से बाहर निकलते समय महिला को तेज दर्द उठा और गेट के बाहर बने चबूतरे पर बैठते ही उनका गर्भपात हो गया।
सीएमओ डॉ. पूनम चौधरी ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभी स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। परिजन से भी इस मामले में बातचीत की जाएगी। तीन दिनों में टीम अपनी रिपोर्ट देगी। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो