माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जिले के नए पुलिस अधीक्षक आईपीएस अधिकारी नरेंद्र बिजारणिया के समक्ष अलग-अलग मंडियों में हुए धान घोटाले, शुभम और अंकित हत्याकांड को सुलझाना व गैंगस्टरों द्वारा फिरौती मांगने व फायरिंग के मामलों पर तुरंत कार्य करना प्रमुख चुनौती रहेगा। क्योंकि धान घोटालों में किसान यूनियन भी मुखर हो रही हैं और मंडियों में एक के बाद एक कई घोटालों की शिकायत पुलिस के पास पहुंची है, जबकि आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। इसके अलावा घरौंडा के शुभम और असंध में हुए अंकित हत्याकांड की गुत्थी भी करीब छह माह से सुलझ नहीं पाई है।
नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र बिजारणिया ने नव वर्ष के पहले दिन वीरवार की शाम को लघु सचिवालय में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से कार्यभार संभाला। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराध की रोकथाम करना और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करना है। किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी, कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
नशा तस्करी पर लगाएंगे लगाम
एसपी ने कहा कि पुलिस अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखने, आपराधिक वारदात का शीघ्र खुलासा करने, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और अन्य अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाएगी। आमजन की शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व एसपी गंगाराम पूनिया द्वारा अपनाई गई सफल नीतियों एवं कार्यप्रणालियों को जारी रखेंगे। उनमें आवश्यक सुधार कर जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। यह भी प्रयास रहेगा कि अपराध नियंत्रण, जन-सुरक्षा और पुलिस कर्मियों की कार्यक्षमता में निरंतर सुधार हो। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत एसपी ने कार्यालय में एएसपी कांची सिंघल, आईपीएस दीपिका अग्रवाल, उप पुलिस अधीक्षक शहर राजीव कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वर्ष 2015 बैच के आईपीएस नरेंद्र बिजारणिया रोहतक सहित अन्य जिलों में बतौर एसपी सेवाएं दे चुके हैं। ब्यूरो