नशे की हालत में बस में ड्राइवर की सीट पर बैठा युवक वीडियो ग्रेब
करनाल। पुराने बस स्टैंड पर हरियाणा रोडवेज की बस में नशे की हालत में एक युवक चढ़ गया। ड्राइविंग सीट पर बैठकर उसने बस को स्टार्ट करने की कोशिश की। कुछ युवकों ने उसे पकड़कर नीचे उतारा।
घटना का 31 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक लड़खड़ाते हुए बस में चढ़ता दिखाई दे रहा है। ड्राइविंग सीट पर पहुंचकर वह स्टेयरिंग संभालता है और बस को स्टार्ट करने की कोशिश करता है। सवारियां घबरा जाती हैं। महिलाएं शोर मचाती हैं। इसके बाद कुछ युवक उसे पकड़कर बस से नीचे उतारते हैं।
रोडवेज के ट्रैफिक इंचार्ज रविशंकर धीमान ने बताया कि वायरल हो रहा वीडियो करीब दो सप्ताह पुराना है। जिस बस में यह घटना हुई, वह मूनक रूट पर जाती है। बस को स्टैंड पर खड़ी करने के बाद चालक और परिचालक किसी काम से स्टैंड के अंदर चले गए थे। इसी दौरान नशे की हालत में युवक बस में चढ़ गया और ड्राइविंग सीट पर जाकर बैठ गया।
करनाल डिपो के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने स्पष्ट किया कि वीडियो में दिखाई दे रहा युवक हरियाणा रोडवेज का चालक या कर्मचारी नहीं है। वह नशे की हालत में बस के अंदर चढ़ गया था। बस में मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर नीचे उतार दिया था। युवक का रोडवेज से कोई संबंध नहीं है। ब्यूरो