संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। मंडल आयुक्त राजीव रतन ने हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) के नियमों को प्रभावी तौर पर लागू करने तथा वाहनों पर काली फिल्म को मिशन मोड पर हटाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने जारी आदेशों में कहा है कि जिला में हाई-सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) को व्यापक रूप से अपनाना और उचित तरीके से लागू करना वाहन सुरक्षा को बढ़ाने, वाहन से संबंधित अपराधों पर अंकुश लगाने और बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है।
आयुक्त का कहना है कि इससे सुरक्षा बनी रहेगी और वाहन से संबंधित बेहतर पहचान होगी। इससे वाहनों से संबंधित अपराधों में कमी आएगी और सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन होगा। उन्होंने कहा कि वाहनों की खिड़कियों पर काली फिल्में वाहनों में दृश्यता को बाधित करती हैं, जिससे अवैध गतिविधियों के लिए अनुकूल वातावरण बनता है और उस वाहन में बैठने वालों की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। इसलिए काली फिल्मों को हटाना जरूरी है। क्योंकि स्पष्ट दृश्यता आपराधिक गतिविधियों को रोकने में मदद करती है और वाहनों के भीतर संदिग्ध व्यक्तियों या वस्तुओं की पहचान आसान बनाती है। इससे कर्मियों को वाहन में बैठे लोगों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा यातायात कानूनों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का अनुपालन सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा काली फिल्मों के जरिये प्रदान किए गए कवर को समाप्त करके, वाहनों का गैरकानूनी उद्देश्यों के लिए उपयोग करने की संभावना काफी कम हो जाती है। उन्होंने कहा कि जिले में चलने वाले सभी वाहनों से काली फिल्में हटाने के लिए एक गहन अभियान शुरू करें।