माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शिक्षा विभाग शिक्षकों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करते हुए ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव शुरू करने जा रहा है। इस प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों व अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों को एमआईएस पोर्टल पर उपलब्ध शिक्षक डाटा की गहन जांच और अपडेट करने के निर्देश जारी किए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि ट्रांसफर ड्राइव से पहले यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि एमआईएस पोर्टल पर सभी शिक्षकों की जानकारी सही और अपडेट हो, ताकि किसी भी शिक्षक का नाम प्रक्रिया से बाहर न रह जाए। इसके लिए सभी स्कूल मुखियाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये मुखिया शिक्षकों की जानकारी पोर्टल पर अपडेट करने के बाद इसकी एक प्रति ऑनलाइन और हार्ड कॉपी को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा कराएंगे। यहां पुनः पोर्टल की जांच की जाएगी। यदि किसी स्कूल मुखिया ने इस कार्य में लापरवाही बरती तो उसके खिलाफ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जाएगा और अनुशासनात्मक कार्रवाई भी होगी।
- स्कूल मुखिया की होगी पूरी जिम्मेदारी
शिक्षा विभाग ने एमआईएस पोर्टल की जांच और अपडेट का पूरा दायित्व स्कूल मुखियाओं को सौंपा है। उन्हें पोर्टल पर शिक्षक की पर्सनल फाइल, सर्विस बुक, नियुक्ति, पदोन्नति, स्थानांतरण, अवकाश व अन्य सेवा विवरणों की बारीकी से जांच करनी होगी। यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो संबंधित शिक्षक से परामर्श कर उसे तुरंत दुरुस्त करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा शिक्षक के खिलाफ यदि कोई विभागीय जांच लंबित है, तो उसका उल्लेख भी पोर्टल पर करना होगा। यदि कोई जांच लंबित नहीं हो, तब भी उसकी स्पष्ट जानकारी दर्ज करना आवश्यक किया गया है।
ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव से जुड़ी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रहे, इसके लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। सभी शिक्षकों का एमआईएस पोर्टल पर संपूर्ण डाटा अपडेट रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद यदि किसी शिक्षक की पोर्टल पर कोई खामी रह जाती है, तो इसके लिए संबंधित स्कूल मुखिया को जिम्मेदार माना जाएगा। - रोहताश वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी