करनाल। जिले में सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने अधिकारियों को प्रत्येक वार्ड और घर से 100 प्रतिशत कचरा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, बल्क वेस्ट जनरेटर का पंजीकरण नहीं कराने वालों के चालान करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कचरा खुले में डालने की व्यवस्था पर रोक लगाई जाए और निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डाला जाए।
उपायुक्त ने नगर निगम अधिकारियों, नगर पालिका सचिवों और बीडीपीओ के साथ बैठक में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, जीपीएस ट्रैकिंग, रूट मैपिंग और स्वच्छता अभियानों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कचरा उठाने वाली गाड़ियों में जीपीएस और ट्रैकिंग सिस्टम हर समय चालू रहना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां कचरा शेड नहीं हैं, वहां शेड बनवाने के निर्देश भी दिए गए। जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूलों की प्रार्थना सभाओं में विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। ब्यूरो