कुरुक्षेत्र में पुलिस ने इंडसइंड बैंक पिपली रोड कुरुक्षेत्र शाखा मोहननगर के बैक मैनेजर को 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना शहर थानेसर में विरेंद्र हांडा पुत्र बलकार वासी मोहन नगर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुनील शर्मा, तेज सिंह और पुनीत जोकि इंडसइंड बैंक के कर्मचारी हैं। आरोपियों ने मिलकर उससे व अन्य को वाहनों का लोन देने के बहाने करीब 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है।
पुलिस अधीक्षक वाई पूर्ण कुमार के दिशा निर्देशानुसार आर्थिक अपराध शाखा प्रभारी उप निरीक्षक सीताराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले में आरोपी बैंक मैनेजर वासी जगी कॉलोनी अंबाला शहर वासी तेजबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
आरोपी सुनिल शर्मा वासी ब्राहम नगर जिला आगरा यूपी जो कि बैंक में बतौर फिल्ड ऑफिसर तैनात था उसे पहले ही काबू किया जा चुका है।
वारदात का तरीका
पुलिस के अनुसार फिल्ड ऑफिसर सुनील शर्मा अन्य बैंक कर्मचारियाें के साथ मिलकर लोगाें को लोन दिलवाकर पैसे हड़प लेता था। शिकायत कर्ता को ट्रक का लोन दिलवाया और बतौर एडवांस 4 लाख रुपये हड़प लिए और ट्रक का बैंक खाता से लोन पूरा करवा दिया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ पर आरोपी ने बताया कि वह अपने बैंक कर्मचारियाें के साथ मिलकर कई लोन धारकाें से पैसे हड़प चुका है।