करनाल में तीन बार विश्व रिकॉर्ड बनाने वाली सामाजिक संस्था निफा की ओर से शनिवार को दानवीर राजा कर्ण के शहर करनाल में मॉरीशस के उप प्रधानमंत्री अनिल कुमार बेचू को भारत-मॉरीशस संस्कृति रत्न सम्मान से नवाजा गया।
यह सम्मान निफा की ओर से हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने प्रदान किया। यह सम्मान एनडीआरआई के सभागार में निफा की ओर से आयोजित ‘एक शाम भारत-मॉरीशस की दोस्ती के नाम’ समारोह में प्रदान किया गया। मौके पर मॉरीशस के उप प्रधानमंत्री अनिल कुमार बेचू ने कहा कि भारत मॉरीशस के लोगों के पूर्वजाें की धरती है।
करीब दो सौ वर्ष पूर्व एक गहरी साजिश के तहत ब्रिटिश लोग भारत के लोगों को मॉरीशस ले गए थे। अंग्रेजों के गुलामी, प्रताड़ना, जुल्म झेलने के बाद वर्तमान में मॉरीशस में मूलता भारतीय लोगों का डंका बजता है। दोनों देशों के बीच हिंद महासागर देशों को तोड़ने का नहीं बल्कि जोड़ने का काम करता है।
उप प्रधानमंत्री अनिल बेचू ने कहा वह लोग दुनिया के मुल्कों में जाते है तो पर्यटक के तौर पर जाते हैं। भारत आते हैं तो धार्मिक आस्था पर आते हैं। भारत आने पर उन्हें विदेश आना महसूस नहीं होता, बल्कि पूर्वजों की धरती पर आना महसूस होता है।
इस अवसर पर उन्होंने मॉरीशस के प्रसिद्ध कवि अभिमन्यु अनंत की कविता की पंक्तियों के माध्यम से मंच से ही कहा कि भारत के लोगों को सोना देने के लालच में अंग्रेज मॉरीशस ले गए थे। वहां उन्होंने भारतीय को दास बना कर रखा। उन पर अत्याचार किए।
भारतीय लोगों ने अपने मेहनत के बूते मॉरीशस में अपने भारत के नाम का डंका बजवा दिया है। वह लोग भारत और मॉरीशस को कतई अलग नहीं मानते। भारत में थोड़ा का अलग है। मॉरीशस में धर्म और जाति के नाम पर उन्माद नहीं है।
वे लोग धर्म के नाम पर बंटे नहीं है। हिंद महासागर की लहरें दोनों देशों को जोड़ने का संदेश देती है। यह दोनों देशाें के बीच की कड़ी है। उन्होंने भारत के लोगों के सम्मान करने पर अति हर्ष व्यक्ति करने के साथ कहा जो सम्मान अपने पूर्वजों के मुल्क भारत में उन्हें मिला है। इसके लिए वह आभारी है। उन्होंने भी भारत के लोगों को मॉरीशस आने का न्योता दिया है। मौके पर उनकी पत्नी शन्नो बेचू को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
मॉरीशस के लोग उनके अपने हैं : कुलदीप
मौके पर हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने उप प्रधानमंत्री को सम्मानित करने के बाद कहा कि वह अधिकतर कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री के साथ होते हैं। कई बार मॉरीशस के लोगों के प्रतिनिधिमंडल आते हैं। बात करने से ही मालूम हो जाता है वह विदेशी नहीं है।
वह लोग हमारे अपने लोग है। उप प्रधानमंत्री का अभिनंदन करना उन्हें बेहद अच्छा लगा है। करीब दो साल पूर्व इसी देश से लोगों को भारत ले जाया गया। उन्होंने निफा की तमाम गतिविधियों की सराहना करने के साथ कहा ऐसे मैत्री बढाने वाले कार्यक्रमाें का आयोजन होते रहना चाहिए।
हर साल बेचू आए भारत
निफा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रीतपाल सिंह पन्नू ने बेचू के जीवन परिचय का जिक्र किया। उन्होंने वर्ष 1991 में पहली बार सांसद बनने से लेकर कई बार मंत्री रहने और वर्ष 2011 में उप प्रधानमंत्री बनने तक का पूरा हाल बताया।
इसके साथ ही उन्होंने कहा जब भी भारत से निफा के बैनर तले भारतीय लोगों के प्रतिनिधि मंडल या फिर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत जाने वाले कलाकारों को सबसे अधिक तवज्जो बेचू की ओर से दी जाती है। निफा उनकी आभारी है। निफा चाहती है बेचू हर वर्ष भारत आए और भारत के लोगों और निफा को उनसे मिलने का अवसर मिलता रहे।
विधायक सुमिता सिंह ने शहर के लोगों की ओर से बेचू का स्वागत किया। निफा के राष्ट्रीय संयोजक एडवोकेट नरेश बराना ने निफा की ओर से स्वागत किया।
स्वामी ज्ञानानंद ने भी मंच से दोनों देशों के बीच धार्मिक मान्यताएं एक जैसी होने और धर्म को बड़ा मानने की बात कही। मौके पर कई स्कूलों के बच्चों ने प्रस्तुतियां दी।