माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जिला स्तर के अलावा उपमंडल स्तर पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया जाएगा। इसे लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला स्तरीय समारोह जहां करनाल की नई पुलिस लाइन में होगा। वहीं उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम अनाज मंडियों में आयोजित किए जाएंगे। इंद्री और असंध के एसडीएम ने अपने स्तर पर बैठक आयोजित करके अधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंप दी हैं। समारोह में परेड के अलावा स्कूली विद्यार्थियों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
नौ से शुरू होगा पूर्वाभ्यास
असंध। एसडीएम वीरेंद्र सिंह ढुल ने उपमंडल स्तर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह को मनाने के लिए सोमवार को अपने कार्यालय में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह नई अनाज मंडी परिसर में भव्य रूप से मनाया जाएगा, सभी संबंधित विभाग समय रहते अपनी तैयारियां पूरी कर लें। परेड में पुलिस टुकड़ी सहित एनसीसी प्लाटून व विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों की टीमें भाग लेंगीं। नौ अगस्त को पूर्वाभ्यास किया जाएगा, जबकि 13 अगस्त को मंडी में ही फाइनल रिहर्सल होगी। अंतिम रिहर्सल व मुख्य कार्यक्रम के दौरान एम्बुलेंस व चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध रहेगी। इस अवसर पर तहसीलदार प्रियंका, नायब तहसीलदार राधे श्याम, एसएमओ जयपाल चहल और एसडीओ पंचायती राज प्रदीप कुमार, बीडीपीओ असंध मोनिका मौजूद रहे।
कर्मचारियों के अलावा संस्थाएं भी होंगी सम्मानित
इंद्री। एसडीएम अशोक कुमार ने कहा कि अनाज मंडी में उपमंडल स्तर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह पूर्ण हर्षोल्लास व उत्साह के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं परेड के लिए अंतिम रिहर्सल 13 अगस्त को होगी। मौके पर नगरपालिका सचिव धर्मबीर सिंह, एसएचओ श्री भगवान, एडीओ सचिन कांबोज, मार्केट कमेटी के सचिव जसबीर सिंह मौजूद रहे। संवाद