जिले में बढ़ते ब्लैक फंगस के मामलों से जिला प्रशासन की व्यवस्था कम पड़ रही है। सोमवार को भी ब्लैक फंगस का एक नया मामला आया और एक मरीज की मौत भी हो गई। मरने वाला 40 वर्षीय आनंद विहार कॉलोनी का रहने वाला था। अभी तक जिले में ब्लैक फंगस के 25 केस आ चुके हैं और चार मौत हो चुकी है। ब्लैक फंगस के कुल 21 मरीज आ चुके हैं, जिनका कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। वहीं मेडिकल कॉलेज में ब्लैक फंगस के मरीजों के लिए सिर्फ 20 बेड का ही केयर सेंटर बनाया है। ऐसे में बेड से अधिक मरीजों की संख्या हो चुकी। वहीं ब्लैक फंगस के मरीजों के लिए इंजेक्शन भी की कमी पड़ रही है। क्योंकि ब्लैक फंगस के मरीजों के लिए जो इंजेक्शन व दवा आनी है उसके लिए पहले मेडिकल कॉलेज प्रशासन को प्रदेश स्तर पर बनाई गई कमेटी को रिपोर्ट करनी होती है, उसके बाद उस मरीज के नाम की ही दवा मेडिकल कॉलेज आती है। ऐसे में मरीज तक दवा पहुंचने में काफी समय लग रहा है। ब्लैक फंगस में एक केस दिल्ली का भी शामिल था।
चार जिलों की मेडिकल कॉलेज पर जिम्मेदारी
कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज पर करनाल सहित चार जिलों की जिम्मेदारी है। कुरुक्षेत्र, कैथल व यमुनानगर के ब्लैक फंगस के मरीज का भी इलाज मेडिकल कॉलेज में ही होना है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन द्वारा सिर्फ 20 बेड की ही व्यवस्था की गई है। जो जिले के मरीजों के लिए ही कम पड़ रही है। यदि अन्य इन तीन जिलों के मरीज मेडिकल कॉलेज में दाखिल होने लगे तो हालात बिगड़ सकते हैं।
ऐसे बढ़े ब्लैक फंगस के मामले
तारीख - मामले - मौत
15 मई - 2 - 1
19 मई - 5 - 1
20 मई - 3 - 0
21 मई - 2 - 1
22 मई - 5 - 0
23 मई - 7 - 0
24 मई - 1 - 1
घट रहे नए संक्रमित, मौत का आंकड़ा बरकरार
-164 नए मामले आए, 405 मरीज हुए ठीक, 7 की गई जान
करनाल। जिले में कोरोना पॉजिटिव केसों में कमी आ रही है लेकिन मौत का आंकड़ा बरकरार है। सोमवार को जिले में 164 नए केस आए हैं और सात मरीजों की मौत हो गई है। अभी तक जिले में 474 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई है। राहत यह है कि सोमवार को 405 कोरोना पॉजिटिव ठीक होकर घर चले गए हैं। जिले का पॉजिटिविटी रेट 8.49 प्रतिशत और रिकवरी रेट 92.42 प्रतिशत तथा मृत्यु दर 1.23 प्रतिशत है। जिले में अभी तक 353652 लोगों के सैंपल लिए हैं। इनमें 315481 की रिपोर्ट निगेटिव आई है और 38301 व्यक्ति पॉजिटिव आ चुके हैं। 35399 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं और अभी 2428 मरीजों का इलाज चल रहा है।
2403 के लिए थे सैंपल, गांव में सबसे ज्यादा संक्रमित
-जिले में 2403 व्यक्तियों के सैंपल लिए थे। जिनमें 199 केस सामने आए हैं। इनमें हलवाना गांव में सबसे ज्यादा 22 केस, भैणी खुर्द में 4, कलवेड़ी में भी 4, कलसौरा में 3, नलीपार में भी तीन व अन्य गांव में भी दो से तीन मामले सामने आए हैं। इससे अलग दो पुलिस कर्मचारी, चार होटल कर्मी, विद्यार्थी, बिजनेश मैन, हाउस वाइफ भी कोरोना की चपेट में आई हैं।
ब्लैक फंगस के टीकों की डिमांड की है
-ब्लैक फंगस रोकने के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में 20 बेड का वार्ड बनाया है। लक्षण होने पर केसीजीएमसी में डाक्टरों से परामर्श लें, सभी आंखों की बीमारी फंगस नहीं होती, घबराएं न बल्कि उपचार करवाएं। कोविड महामारी के बाद प्रदेश में ब्लैक फंगस का प्रकोप बढ़ रहा है। जिले में ब्लैक फंगस के लिए उनके द्वारा टीकों की डिमांड की गई है। जल्द ब्लैक फंगस के टीके मिलने शुरू हो जाएंगे।
-निशांत कुमार यादव, डीसी करनाल।
नॉन आईसीयू के 194 बेड खाली, आईसीयू के 53 बेड खाली
डीसी ने बताया कि कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के अतिरिक्त 24 प्राईवेट अस्पतालों व सीएचसी को अधिकृत किया गया है। जिले में 485 आक्सीजन सहित नॉन एसी बेड और 284 भरे हुए हैं तथा 194 बेड खाली हैं जबकि ऑक्सीजन सहित आईसीयू बेड 267 हैं, जिनमें से 214 भरे हुए हैं तथा 53 खाली है।