करनाल। जिला नागरिक अस्पताल की आईसीयू-एचडीयू बिल्डिंग का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। 25 सितंबर को इसका उद्घाटन किया जाएगा। इससे पहले निर्माण कार्य पूरा न होने की वजह से दो बार उद्घाटन टल चुका था। सोमवार को जिला अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट ने साफ-सफाई से लेकर सभी तैयारियों का निरीक्षण किया। नई बिल्डिंग में बाकी उपकरण व सामान भी शिफ्ट किया जा रहा है।
नागरिक अस्पताल में लंबे समय से प्रतीक्षित आईसीयू-एचडीयू का उद्घाटन 17 सितंबर को होना था लेकिन निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण स्थगित करना पड़ा था। पिछले दो साल से अटका यह परियोजना अस्पताल प्रशासन और मरीज दोनों के लिए चिंता का विषय बनी हुई थी। अस्पताल में आईसीयू और एचडीयू जैसी आधुनिक सुविधाओं की कमी के कारण गंभीर रोगियों का इलाज पहले पर्याप्त संसाधनों के बिना किया जा रहा था। नए वार्ड के बनने के बाद मरीजों को अत्याधुनिक देखभाल उपलब्ध हो सकेगी, लेकिन निर्माण में लगातार देरी ने स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ा दिया।
उद्घाटन से पहले सभी सुरक्षा मानकों और आवश्यक तैयारियों की जांच की जा रही है ताकि मरीजों को उच्चतम स्तर की सेवा मिल सके। आईसीयू-एचडीयू बिल्डिंग में अभी तक कोई मरीज शिफ्ट नहीं किया गया है। - डॉ. बलवान सिंह, प्रधान चिकित्सा अधिकारी, जिला नागरिक अस्पताल
403.... जिला नागरिक अस्पताल आईसीयू एचडीयू बिल्डिंग।