संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। वार्ड-7 वाल्मीकि मंदिर के सामने दुकानों के आगे स्थित नालों की बदहाली से परेशान दुकानदारों और शहरवासियों ने सोमवार को नगरपालिका कार्यालय पहुंचकर सचिव को शिकायत पत्र सौंपा।
दुकानदार कृष्ण, हवासिंह, अभिषेक, नंदलाल, विजय, समीर, राजीव और हरीश मल्होत्रा ने कहा कि मई 2025 में नगरपालिका की ओर से दुकानों के सामने बने नालों के स्लैब और अंडरग्राउंड पाइप तोड़ दिए गए थे। इसके 13 महीने बीत जाने के बाद भी न तो नालों का निर्माण हुआ और न ही नियमित सफाई की जा रही है। कई बार नालों का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर दुकानों के सामने जमा हो जाता है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। नाले के पास मदन मैमोरियल पब्लिक स्कूल, जास्ट अस्पताल, संजीवनी अस्पताल व महर्षि वाल्मीकि मंदिर भी स्थित हैं।
दुकान पर आने वाले ग्राहक कई बार नाले में गिरकर घायल भी हो चुके हैं। कई बार नपा अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। दुकानदारों ने नपा सचिव से मांग की है कि टूटे नालों का शीघ्र निर्माण कराया जाए और नियमित सफाई की जाए। नपा सचिव धर्मबीर सिंह ने कहा कि नालियों की सफाई का कार्य शुरू करवा दिया है। नालों और सड़क के नवीनीकरण हेतु जेई को निरीक्षण कर एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि दुकानदारों व नागरिकों को असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
मदन मैमोरियल स्कूल के संचालक हरीश मल्होत्रा ने बताया कि सोमवार को दुकानदारों ने विधायक रामकुमार कश्यप व एसडीएम रमन गर्ग को भी शिकायत पत्र सौंपने का प्रयास किया, लेकिन दोनों उपलब्ध न होने पर शिकायत उनके कार्यालय में जमा कर दी गई।