नगरपालिका ने शहर के मुख्य मार्गों पर बढ़ रहे अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए सोमवार को दोपहर बाद अभियान चलाया। नपा अधिकारियों के दल बल की सूचना मिलते ही दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन से अपना सामान समेटना शुरू कर दिया।
नपा अधिकारियों ने दुकानदारों को बाहर सामान न रखने की हिदायत दी। सोमवार को दोपहर बाद नपा के सचिव देवेंद्र नरवाल के निर्देश पर भवन निरीक्षण प्रवेश कौशिक ने नपा कर्मचारियों के साथ रेलवे रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। दुकानदारों का कहना है कि नगरपालिका बार-बार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर दुकानदारों को नाजायज परेशान कर रही है।
वही नपा अधिकारियों का कहना है कि दुकानदारों ने लगभग 15 फीट तक अपनी दुकानों के आगे सामान रखा हुआ है। जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है। रेलवे रोड पर जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने बताया कि कई बार दुकानदारों को दुकानों के आगे सामान न रखने के लिए आगाह भी कर दिया है लेकिन दुकानदार बाज नहीं आते। नपा सचिव देवेद्र नरवाल ने बताया कि जिला उपायुक्त के निर्देश पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया है।