धनतेरस के शुभ अवसर पर जिले के लोगों ने जमकर खरीददारी की। अनुमान है कि
जिलेभर में धनतेरस पर करीब 20 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। अहम बात यह
है कि इसमें से आधे से ज्यादा कारोबार आटोमोबाइल का है। इसके अलावा, सबसे
ज्यादा भीड़ ज्वैलर्स, बर्तनों की दुकान और गिफ्ट गैलरी पर रही।
कारोबार का
अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सुबह से शाम तक बाजारों में पैर
रखने तक की जगह नहीं थी। कपड़ा बाजार, बर्तन, इलेक्ट्रानिक सामान के बाजार
ग्राहकों से गुलजार रहे। हालांकि, दुकानदारों के अतिक्रमण के कारण दिनभर
शहर के सभी बाजारों में जाम की स्थिति रही।
काफी दिनों से ठंडे पड़े बाजार
में धनतेरस त्योहार ने जान भर दी। ग्राहक उमंग के साथ घरों से निकले और
जमकर खरीददारी की। लोगों ने घरेलू सजावटी सामान के अतिरिक्त ऑटो मोबाइल,
कार व बाइक की भी खरीददारी की। सर्राफा बाजार में महिलाओं ने दिनभर
सोने-चांदी के सामान की खरीददारी की। बर्तनों की दुकानों पर भी लोगों का
तांता लगा रहा। खरीददारों ने चम्मच से लेकर हजारों रुपये के बर्तनों की
खरीददारी की। दुकानदारों ने भी इस दिन को लेकर पहले से ही तैयारियां कर रखी
थीं, धनतेरस के शुभ अवसर पर लोगों ने कई जगह दुकानों व प्रतिष्ठानों पर
विशेष तैयारियां कर रखी थी। उधर, ज्यादातर ग्राहकों ने मुहूर्त के अनुरूप
सामान की खरीददारी की।
बाजारों में रही जाम की स्थिति
बाजारों
में भीड़ के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। कर्ण गेट, सर्राफा बाजार,
कपड़ा मार्केट के अलावा सदर बाजार में भीड़ के कारण लोग जाम में फंसे रहे।
हालांकि, सुरक्षा व यातायात के लिए प्रशासन की ओर से पुलिस कर्मचारी तैनात
किए गए थे, बावजूद इसके बाजार में यातायात सुचारू नहीं हो सका। इस बारे में
थाना प्रभारी मोहनलाल का कहना है कि ग्राहकों की संख्या ज्यादा होने के
कारण जाम की स्थिति रही। सुरक्षा के लिहाज से बाजार में सादी वर्दी में भी
पुलिस कर्मी तैनात कर रखे हैं।
धनतेरस पर बिकी 12.50 करोड़ की कारें
धनतेरस
पर समाचार लिखे जाने तक 219 कारें बिकीं। अगर एक कार की कीमत औसतन पांच
लाख रुपये लगाई जाए तो इन की कीमत 12.50 करोड़ बनती है, वहीं शहर में
विभिन्न कंपनियों की 278 बाइक बिकी। इनकी कीमत 50 हजार लगाई जाए तो यह
संख्या डेढ़ करोड़ के पार जाता है।
कारों की बिक्री के आंकड़े
कार कंपनी संख्या
1. टाटा मोटर्स 22
2. मारुती सुजुकी 23
3. महिंद्रा 20
4. होंडा 22
5. निशान 18
6. रिनॉल्ट 16
7. फोर्ड 23
8. स्कोडा 22
10. ऑडी-9 (एक गाड़ी की कीमत 20 लाख से ज्यादा है)
जिले में इतने बिके दो पहिया वाहन
बाइक कंपनी संख्या
1. हीरो 52
2. बजाज 50
3. होंडा 40
4. याम्हा 28
5. टीवीएस 35
6. महिंद्रा 32
सर्राफा बाजार में दिखी सोने और चांदी की चमक
ऑटो
मोबाइल के बाद सर्राफा बाजार में लोगों ने सोने-चांदी के सामान की जमकर
खरीददारी की। धनतेरस के शुभ मुहूर्त पर सर्राफा बाजार की सौ दुकानों पर एक
ही दिन में करीब तीन करोड़ के सामान की बिक्री हुई। उपभोक्ताओं में गहनों व
सिक्कों के साथ चांदी के बर्तनों की खरीद का भी क्रेज दिया। इस बार भारी
वेट में बने चांदी के सिक्कों की तरफ उपभोक्ताओं का अधिक रुझान दिखा।
दो करोड़ तक पहुंचा गिफ्ट गैलरी और बर्तन का कारोबार
धनतेरस
पर बर्तनों के अलावा गिफ्ट गैलरी के सामान की भी जमकर बिक्री हुई। इसमें
सजावटी सामान के साथ कांस्य, एल्यूमीनियम व मिट्टी की तस्वीरों की तरफ
उपभोक्ताओं का रुझान रहा। व्यापारियों के अनुसार एक ही दिन में बाजार से
करीब दो करोड़ रुपये के सजावटी सामान व गिफ्ट की बिक्री हुई। इससे बाजार
में दिनभर सजावटी सामान की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही।
कोट
त्योहारी
सीजन में पिछले वर्ष की तुलना में बिक्री कम हुई है, लेकिन धनतेरस के दिन
लोगों में सामान की खरीद को लेकर खासा उत्साह नजर आया है। इससे बाजार में
सामान की अच्छी बिक्री हुई है। उम्मीद है कि सभी व्यापारियों के लिए धनतेरस
खुशियां लेकर आएगी।
दिनेश गुलाटी, आरके ज्वैलर्स करनाल।
कोट
धनतेरस
पर लोगों में ऑटो मोबाइल की खरीद को लेकर खासा उत्साह नजर आया है। धनतेरस
के दिन लोगों ने मुहूर्त के अनुसार गाड़ियां खरीदी हैं। बिक्री का यह
सिलसिला अगले दो दिनों तक जारी रहने की उम्मीद है। उम्मीद है कि यह
त्योहारी सीजन आटोमोबाइल के लिए काफी उत्साहवर्धक होगा।
पुरुषोत्तम टांक जनरल मैनेजर सिदक ऑटोमोबाइल।