संवाद न्यूज एजेंसी
बाबैन। जालखेड़ी क्रिकेट क्लब की ओर से क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत हुई, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से कुल 24 टीमों ने हिस्सा लिया। उद्घाटन समारोह में मंडल प्रधान विकास शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने जैनपुर व छपरा की टीमों के बीच पहला मुकाबला शुरू कराया। जैनपुर की टीम ने इस मैच में जीत हासिल ही। मुख्य अतिथि विकास शर्मा ने खिलाड़ियों और युवाओं को कहा कि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर खेलों में अपनी ऊर्जा लगाए।
उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देते हैं, बल्कि अनुशासन, एकता और आत्मविश्वास भी निर्माण करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बस आवश्यकता है उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की यदि ग्रामीण युवा आगे बढ़कर अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करें तो वे किसी भी स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। टूर्नामेंट आयोजकों ने बताया कि आने वाले दिनों में विभिन्न टीमों के बीच लीग व नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे। फाइनल मैच में विजेता टीम को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार दिया जाएगा। स्थानीय लोगों ने जालखेड़ी क्रिकेट क्लब की इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस मौके पर अनिल टाटकी, भीम बेरथला, प्रदीप बिंट, सरपंच पिंकु, अंग्रेज सिंह, हनी सिंह, अतुल शर्मा, साहिल शर्मा, राहुल कुमार, जिलेदार, अभेश कुमार व अन्य खिलाड़ी मौजूद रहे।
बाबैन। जालखेड़ी क्रिकेट क्लब के द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में मैच का शुभारंभ करवाते हुए - फोटो : samvad