करनाल। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को नगर निगम और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने संयुक्त कार्रवाई की। पुराने बस स्टैंड के पीछे और आईटीआई रोड क्षेत्र में अवैध कब्जों को हटाया।
निगम आयुक्त डाॅ. वैशाली शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान पुराने बस स्टैंड के पीछे मार्केट में सड़क और डिवाइडर पर लगाए गए अवैध बोर्डों को जेसीबी की मदद से हटाया गया। इसके साथ ही सड़क किनारे खड़ी रेहड़ियों और दुकानदारों की ओर से बाहर रखे गए सामान को भी हटाया गया।
इसके बाद टीम ने नो वेंडिंग जोन में शामिल आईटीआई रोड पर भी कार्रवाई की। यहां दुकानों के बाहर रखे सामान को जब्त किया गया और रेहड़ी संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि वे निर्धारित स्थानों पर ही अपना काम करें। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि नो वेंडिंग जोन में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण करने पर अब सीधे चालान किया जाएगा।