करनाल। पर्यावरण संरक्षण समिति की बैठक सोमवार को सेक्टर-6 में समिति प्रधान के निवास स्थान पर हुई। समिति चेयरमैन एसडी अरोड़ा ने कहा कि जिले में बेरोकटोक अवैध कॉलोनियां बनाई जा रही हैं।
समिति पैट्रन राम रतन अत्री ने बताया कि जुंडला में अवैध कॉलोनी काटी गई है। वहां पर हाईवे के साथ लगतीं तीन-चार काॅलोनियां बिना अनुमति के बनी हैं। इनमें सड़कोंं का निर्माण, सीवरेज लाइनें डालना एवं बिजली कनेक्शन की अनुमति किसने दी है, यह जांच का विषय है। समिति प्रधान अंजु शर्मा ने कहा कि जुंडला में एक नई कॉलोनी बनाई गई है जिसके फ्रंट में एक पार्क दिखाया गया है। काॅलोनाइजर ने कृषि भूमि पर इस काॅलोनी में फ्रंट पर हाईवे के साथ पार्क बना दिया है। कॉलोनाइजर ने हाईवे के साथ सरकारी भूमि पर पार्क बनाकर काॅलोनी की कनेक्टिविटी दिखाई है जबकि हाईवे के साथ 10 मीटर की परिधि में नो कंस्ट्रक्शन जोन होता है।
वरिष्ठ उपप्रधान सुरेश खन्ना ने बताया कि ऐसे ही कुंजपुरा रोड पर मंगलपुर गांव के पास एवं विकास नगर में भी अवैध काॅलोनियां काटी गई हैं जिन पर जिला प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की है। प्रधान डॉ. एसके शर्मा, चीफ पैट्रन कंवल भसीन, बीडी खुराना, कोषाध्यक्ष सुशील चावला आदि मौजूद रहे।
संवाद